UpdateMarts•Com
Follow Channel

06 April 2025

धोखाधड़ी के मामले में शिक्षक निलंबित

 

मनकापुर/टिकरी (गोंडा)। धोखाधड़ी के मामले में आरोपी सहायक अध्यापक को बेसिक शिक्षाधिकारी ने निलंबित कर दिया है। बीआरसी कार्यालय से संबद्ध कर जांच खंड शिक्षाधिकारी तरबगंज को सौंपी गई है। 







नवाबगंज क्षेत्र के मुट्ठीगंज निवासी नबीउल्ला मनकापुर शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बसवरिया मेहरबान में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। इनका भाई अजीमउल्ला अक्तूबर 2023 में नवाबगंज के नया बाजार स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान से षड्यंत्र रचकर अमानत में खयानत कर सात लाख रुपये का जेवरात ले गया था। 




पीड़ित लकी सोनी की तहरीर पर नवाबगंज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले में आरोपी अजीमउल्ला के अलावा उसकी पत्नी नाजिश खान, भाई जियाउल्ला, सफीउल्ला व शिक्षक नबीउल्ला का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने शिक्षक के भाई अजीमउल्ला के पास से एक सोने की चेन भी बरामद की थी। जिसमें पुलिस ने धारा तरमीम कर सभी आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया था। 


न्यायालय के आदेशानुसार तत्कालीन नवाबगंज थाना प्रभारी ने 06 अक्तूबर 2024 को शिक्षक नबीउल्ला के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजा था। इस मामले में बेसिक शिक्षा अधिकारी अतुल तिवारी ने शिक्षक को निलंबित कर ब्लॉक संसाधन केंद्र मनकापुर में संबद्ध कर दिया है। प्रकरण की जांच तरबगंज खंड शिक्षा अधिकारी को दी है। खंड शिक्षा अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने इसकी पुष्टि की है।




Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more