08 July 2025

डिजिटल जनगणना : खुद गिनती करेंगे लोग, जल्द मिलेंगे आंकड़े

 

नई दिल्ली। देश की पहली डिजिटल जनगणना के दौरान इस बार लोगों को अपनी गिनती खुद करने का मौका मिलेगा। इसके लिए विशेष वेब पोर्टल शुरू किया जाएगा, जिस पर नागरिक स्व गणना का विकल्प चुन पाएंगे। पहली बार, आंकड़े जमा करने और इसे केंद्रीय सर्वर पर इलेक्ट्रॉनिक रूप से भेजने के लिए प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे आंकड़ों की शीघ्र उपलब्धता सुनिश्चित होगी।


अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि वेब पोर्टल राष्ट्रीय जनगणना के दोनों चरणों घरों की सूची बनाने, उनकी गिनती करने और जनसंख्या गणना के लिए उपलब्ध होगा। गणनाकर्ता अपने एंड्रॉयड और एपल फोन पर विशेष एप का उपयोग करके नागरिकों का डाटा एकत्र करेंगे। डिजिटल जनगणना की पहल जनगणना प्रक्रिया को आधुनिक बनाने की दिशा में परिवर्तनकारी कदम है। आंकड़े जुटाने और उनका संग्रह करने की प्रक्रिया के दौरान बेहद कड़े सुरक्षा मानक अपनाए जाएंगे।


आजादी के बाद 8वीं जनगणना : देश में जनगणना की शुरुआत के बाद से यह 16वीं व आजादी के बाद 8वीं जनगणना होगी। भारत के महापंजीयक ने गणना कर्मियों के लिए हर चरण के लिए तीन स्तरीय केंद्रित व आवश्यकता आधारित प्रशिक्षण की व्यवस्था की है।



घरों की गिनती का काम एक अप्रैल, 2026 से शुरू होगा। जनसंख्या की गिनती का दूसरा चरण एक फरवरी, 2027 से शुरू होगा। जनगणना की प्रक्रिया लद्दाख, जम्मू-कश्मीर तथा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में एक अक्तूबर, 2026 से, जबकि शेष देश में एक मार्च 2027 से तय की गई है। इस बार की जनगणना में जातिगत गणना भी शामिल होगी