हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

21 November 2025

छात्रा के मुंह पर टेप लगाकर पीटा शिक्षिका निलंबित

 

लखीमपुर। रमियाबेहड़ ब्लॉक के एक परिषदीय स्कूल में छात्रा के मुंह पर टेप लगाकर पिटाई के मामले में आरोपी शिक्षिका को बीएसए ने निलंबित कर दिया है। शिकायत मिलने के बाद बीएसए ने प्रकरण की जांच कराई। 




जांच में आरोप सही मिलने पर शिक्षिका पर कार्रवाई की गई है। रमियाबेहड़ ब्लाक के पीएमश्री विद्यालय दुलही के स्कूल में तैनात एक सहायक शिक्षिका के खिलाफ छात्रा के मुंह पर टेप लगाकर पिटाई करने के मामले में निलंबन की कार्रवाई की गई है। जारी आदेश के मुताबिक शिक्षिका ने स्कूल के इंचार्ज प्रधानाध्यापक सहित अन्य शिक्षकों के खिलाफ शिकायत की थी। बीएसए ने पलिया के बीईओ रमन सिंह और जिला समन्वयक बालिका शिक्षा रेनू श्रीवास्तव की टीम को शिकायत की जांच सौंपी गई। टीम ने जांच रिपोर्ट बीएसए को सौंपी। जांच में शिक्षिका की शिकायत निराधार पाई गई। साथ ही यह भी बताया कि वह शिक्षिका विद्यालय में देर से आती हैं। कक्षा पांच की छात्रा रिया को मारने और एक छात्रा के मुंह पर टेप चिपकाने का भी आरोप है। इसके अलावा विद्यालय का माहौल खराब करने का भी आरोप है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद बीएसए ने पीएमश्री संविलियन विद्यालय की सहायक शिक्षिका को छात्र-छात्राओं को शिक्षा से वंचित रखने, पदीयदायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन न करने पर निलंबित किया गया है। शिक्षिका को रमियाबेहड़ के ही संविलियन विद्यालय मल्लबेहड़ में उपस्थिति देने के निर्देश दिए गए हैं।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more