हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

04 January 2026

गबन प्रकरण में एक शिक्षक को सेवा समाप्ति और रिकवरी का अंतिम नोटिस जारी

 

अमेठी सिटी। बेसिक शिक्षा विभाग के लेखा कार्यालय से जुड़े 4.34 करोड़ रुपये के गबन प्रकरण में एक शिक्षक को सेवा समाप्ति और रिकवरी का अंतिम नोटिस जारी किया गया है। दूसरे शिक्षक की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद उसके खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की तैयारी चल रही है। 



बेसिक शिक्षा परिषद और अशासकीय सहायता प्राप्त कर्मियों के अवशेष देयक, सामान्य भविष्य निधि और बीमा भुगतान से संबंधित राशि में गबन का मामला सामने आया था। इस प्रकरण में 21 मार्च को वित्त एवं लेखा विभाग के लेखा लिपिक मनोज कुमार मालवीय, शिक्षक शैलेश चंद्र शुक्ल, शिक्षक श्रवण कुमार द्विवेदी और आउटसोर्सिंग कर्मी शिवम व अभिषेक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी।मामले की जांच खंड शिक्षा अधिकारी गौरीगंज अर्जुन सिंह भदौरिया कर रहे हैं। 




जांच में शिक्षक शैलेश चंद्र शुक्ल के खिलाफ रिपोर्ट पूरी कर बीएसए को सौंप दी गई है, जबकि श्रवण कुमार द्विवेदी की जांच अंतिम चरण में बताई जा रही है। रिपोर्ट मिलने के बाद बीएसए की ओर से शैलेश चंद्र शुक्ल को धनराशि जमा करने और सेवा समाप्ति से पहले अंतिम नोटिस भेजा गया है। बीएसए संजय कुमार तिवारी ने बताया कि दोनों शिक्षकों को नोटिस भेजा गया था, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला। निर्धारित समय में स्पष्टीकरण और राशि जमा न होने पर सेवा समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी।


Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more