जालौन में बीएलओ की ड्यूटी से लौट रहे शिक्षक का अपहरण करके हत्या कर दी गई। छह दिन बाद हत्या का राजफाश हुआ। मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि कर्ज से बचने के लिए रिश्तेदार ने ही हत्या की साजिश रची थी।
झांसी के शिवाजी नगर निवासी राघवेंद्र वर्मा जालौन के नदीगांव ब्लाक क्षेत्र में ग्राम परासनी के जूनियर में सहायक अध्यापक थे। उसका 10 फरवरी को अपहरण किया गया और फिर उसे मप्र के सेंवड़ा में एक नलकूप पर ले जाकर उसकी एक युवती के साथ अश्लील वीडियो बनाया। वीडियो को उसके जीजा के मोबाइल पर भेजकर फिरौती मांगी गई। जब राघवेंद्र ने वीडियो देखा तो उसने विरोध किया। इसके बाद आरोपितों ने डाटा केबल से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
पूछताछ में पता चला कि राघवेंद्र से उसके फूफा के लड़के कृष्णपाल ने पांच लाख रुपये का कर्ज लिया उसे वापस न करना पड़े इसलिए घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामले में युवती समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक डा. दुर्गेश कुमार ने कहा कि एसओजी टीम को 25 हजार का इनाम दिया जाएगा।
ये था पूरा मामला
झांसी के शिवाजी नगर निवासी राघवेंद्र के फूफा घनश्याम ग्राम सराय थाना पूंछ जिला झांसी में रहते हैं। राघवेंद्र के फूफा के पुत्र कृष्णपाल उर्फ कुलदीप से अच्छी दोस्ती थी। राघवेंद्र जिले के नदीगांव थाना क्षेत्र के ग्राम परासनी जूनियर हाईस्कूल में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात था। इस कारण उसने कृष्णपाल को धीरे-धीरे पांच लाख रुपये उधार दे दिए थे। जब वह रुपये मांगता तो कृृष्णपाल उसे कुछ दिनों में रुपये देने का आश्वासन देकर टरका देता था। राघवेंद्र का पत्नी से न्यायालय में मुकदमा चल रहा है इस कारण उसे रुपये की अधिक जरूरत थी। उसकी ड्यूटी बीएलओ के रूप में लगी थी इस कारण वह अधिक व्यस्त रहता था।
