23 February 2026

प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक नदारद, बच्चों ने खुद की प्रार्थना



कुठौंद ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय सिरसा कलार में सोमवार को शिक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई। सुबह करीब 9:45 बजे विद्यालय परिसर में बच्चे बिना शिक्षकों की मौजूदगी के स्वयं प्रार्थना करते नजर आए। उस समय विद्यालय में व्यवस्था संभालने के लिए कोई वरिष्ठ शिक्षक मौजूद नहीं था।



विद्यालय में कुल चार शिक्षक तैनात हैं, लेकिन मौके पर केवल सहायक अध्यापक प्रदीप सिंह ही उपस्थित थे। प्रधानाध्यापक धर्मेंद्र कुमार, सहायक अध्यापिका राजकुमारी और प्रीति वर्मा अनुपस्थित थीं। प्रधानाध्यापक कक्ष पर ताला लटका मिला, जिससे विद्यालय की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए।


स्थानीय निवासी मोनू मिश्रा, छोटू मिश्रा, शेष पुरवार, अज्जू मिश्रा और संदीप रावत सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है। उनका कहना है कि शिक्षक अक्सर निर्धारित समय से देरी से पहुंचते हैं, जबकि बच्चे समय से विद्यालय आ जाते हैं। शिक्षकों के आने-जाने का स्पष्ट समय-पालन न होने से पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है। बीईओ रंगनाथ चौधरी का कहना है कि इसकी जांच कराई जाएगी।