हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

23 February 2026

टेस्ट-ऑडिट के बाद पोर्टल पर अपलोड होंगे रिक्त पद, माध्यमिक और उच्च शिक्षा विभाग से लेंगे रिक्तियां

 

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों और महाविद्यालयों में सहायक अध्यापकों, प्रवक्ता, प्रधानाचार्यों, असिस्टेंट प्रोफेसर और प्राचार्यों की नई भर्ती से पहले रिक्त पदों की सूचना के लिए पोर्टल महीनों की कोशिशों के बाद आखिरकार तैयार हो गया है।



अब यूजर एक्सेपटेंस टेस्ट और सिक्योरिटी ऑडिट के बाद प्रदेश के 4512 एडेड माध्यमिक विद्यालयों और 331 एडेड महाविद्यालयों के रिक्त पदों की सूचना अपलोड की जाएगी। होली बाद पोर्टल पर रिक्ति अपलोड होना प्रस्तावित है।


वर्तमान में माध्यमिक विद्यालयों में प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) और प्रवक्ता (पीजीटी) के लगभग 23 हजार से अधिक पद रिक्त हैं। इसी प्रकार महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1200 से अधिक पद खाली हैं। इन पदों पर भर्ती के लिए 2022 में आवेदन लिए गए थे। उसके बाद से नई भर्ती नहीं आई है। यही नहीं, इन चार सालों में टीजीटी-पीजीटी की लिखित परीक्षा नहीं हो सकी है, जबकि असिस्टेंट प्रोफेसर की परीक्षा होने के बाद निरस्त हो चुकी है। अगले साल चुनाव होने के कारण जल्द ही नई भर्ती शुरू करने की तैयारी है।


उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. बीएल शर्मा ने बताया कि अधियाचन पोर्टल बनकर तैयार है। यूजर एक्सेपटेंस टेस्ट और सिक्योरिटी ऑडिट के बाद रिक्त पदों की सूचना ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं माध्यमिक विद्यालयों में रिक्त पदों के 60 जिलों का सत्यापन हो चुका है और दो सप्ताह में सभी 75 जिलों का सत्यापन पूरा होने की उम्मीद है। उसके बाद माध्यमिक विद्यालयों के रिक्त पद ऑनलाइन उपलब्ध कराए जाएंगे।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more