23 February 2026

शिक्षक खुदकुशी मामले में बीएसए समेत तीन पर केस. शासन से चार सदस्यीय जांच समिति गठित

गोरखपुर/देवरिया, हिटी। सहायक अध्यापक कृष्ण मोहन सिंह की खुदकुशी के मामले में रविवार को गुलरिहा पुलिस ने देवरिया की बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव, लिपिक संजीव सिंह और एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। शिक्षक की पत्नी गुड़िया सिंह की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। वहीं देवरिया की डीएम ने बीएसए कार्यालय के लिपिक को निलंबित करते हुए सीडीओ की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर एक हफ्ते में रिपोर्ट मांगी है।



मूल रूप से कुशीनगर के रहने वाले कृष्ण मोहन सिंह की देवरिया के गौरीबाजार ब्लॉक स्थित कृषक लघु मावि, मदरसन में सहायक अध्यापक पद पर तैनाती हुई थी। वह गोरखपुर के गुलरिहा क्षेत्र के शिवपुर सहबाजगंज में अपने भाई के यहां रहते थे। उनकी पत्नी गुड़िया सिंह द्वारा गुलरिहा थाने में दी गई तहरीर के मुताबिक गत 20 फरवरी को उनके कृष्ण मोहन सिंह को बीएसए कार्यालय में बुलाकर अपमानित किया गया और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। शाम को घर लौटने पर उन्होंने पूरी घटना बताई। वह अत्यंत व्यथित दिखाई दिए। उसी रात उन्होंने घर के निचले कमरे में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। सुबह जब वह कमरे में पहुंचीं तो उन्हें फांसी पर लटकते हुए पाया। मोहन सिंह की जेब से चार पेज का सुसाइड नोट मिला, जिसमें उन्होंने पूरे घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए गंभीर आरोप लगाए थे।

शासन से चार सदस्यीय जांच समिति गठित

लखनऊ। देवरिया जिले के गौरीबाजार स्थित कृषक लघु माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह द्वारा देवरिया बीएसए कार्यालय के स्टाफ पर पैसे मांगने का आरोप लगाकर आत्महत्या करने के मामले की जांच के लिए शासन ने चार सदस्यी समिति गठित की है। समिति में एससीईआरटी के संयुक्त निदेशक डा. पवन सचान, बेसिक शिक्षा निदेशालय में तैनात उप शिक्षा निदेशक (प्राईमरी) संजय कुमार उपाध्याय, देवरिया के संबंधित तहसील के उपजिलाधिकारी तथा गोरखपुर मंडल के मंडलीय सहायक शिक्षा अधिकारी को सदस्य बनाया गया है।