पीएफ का बड़ा हिस्सा यूपीआई से जोड़ा जाएगा
नई दिल्ली, एजेंसी। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के अंशधारक इस साल अप्रैल में पेश होने वाले एक नए मोबाइल एप्लिकेशन के जरिये यूपीआई भुगतान गेटवे का उपयोग करके अपने पीएफ का पैसा सीधे बैंक खातों में पा सकेंगे।
शीर्ष सूत्र ने बताया कि श्रम मंत्रालय एक ऐसी परियोजना पर काम कर रहा है, जिसके तहत ईपीएफ का एक निश्चित हिस्सा सुरक्षित कर दिया जाएगा। एक बड़ा हिस्सा यूपीआई के जरिये बैंक खाते के माध्यम से निकासी के लिए उपलब्ध होगा।
ईपीएफओ के पास बैंकिंग लाइसेंस नहीं है, इसलिए वह अपने सदस्यों को सीधे ईपीएफ खातों से पैसा निकालने की अनुमति नहीं दे सकता। सरकार चाहती है कि ईपीएफओ की सेवाएं बैंकों के समान स्तर की होंं। ईपीएफओ एक नया मोबाइल ऐप पेश करेगा, जिससे यूपीआई का उपयोग कर पैसे निकालने के साथ पासबुक शेष राशि जैसी अन्य सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।

