लालगंज। सीटीईटी की परीक्षा में दूसरे के स्थान पर परीक्षा दिलाने के मामले में शामिल एक आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।
लालगंज के अझारा स्थित पं. नागेशदत्त पब्लिक स्कूल में बीते आठ फरवरी को सीटीईटी की परीक्षा में उमेश कुमार निर्मल के स्थान पर परीक्षा दे रहा एक
आरोपी पकड़ा गया था। दबोचे गए आरोपी संजय कुमार निवासी कौशाम्बी को पुलिस ने जेल भेज दिया था। मामले में शिक्षक की तहरीर पर उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस की जांच में इस घटना में साजिश रचने वाले फतेहपुर जिले के एक अन्य आरोपी के शामिल होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने
बृहस्पतिवार को गश्त के दौरान फतेहपुर जिले के धाता थाना के खरसेंडवा निवासी आरोपी रितेश कुमार को लालगंज इलाके में राजेंद्र नगर चौराहे से धर दबोचा।
सीओ आशुतोष मिश्र ने बताया कि जांच के दौरान आरोपी के परीक्षा में गड़बड़ी की साजिश रचने में दोषी पाया गया। उसे देर शाम जेल भेज दिया गया है। जेल भेजे गए आरोपी से पूछताछ के बाद आगे जांच की जा रही है।

