29 April 2026

ऐलान🔔 यूपी में इस साल एक लाख पुलिस भर्तीः योगी

 यूपी में इस साल एक लाख पुलिस भर्ती: योगी



लखनऊ, विशेष संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि इस वर्ष पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड एक लाख नए कार्मिकों की भर्ती करेगा। बीते नौ वर्षों में यूपी पुलिस में 2.20 लाख से अधिक कार्मिकों की निष्पक्ष भर्ती संपन्न हुई है। मुख्यमंत्री ने ये बातें इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह में पुलिस दूरसंचार विभाग के 936 प्रधान परिचालकों / प्रधान परिचालकों (यांत्रिक) को नियुक्ति पत्र प्रदान करने के दौरान कहीं।

मुख्यमंत्री ने नवचयनित अभ्यर्थियों को पूरी ईमानदारी व निष्ठा से प्रशिक्षण हासिल करने और प्रदेश की 25 करोड़ आबादी की सेवा करने के लिए प्रेरित किया। कहा कि जिस प्रकार निष्पक्ष, पारदर्शी व बिना किसी लेनदेन के भर्ती हुई है, उसी प्रकार अभ्यर्थी भी पूरी तत्परता से सेवा करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन दिन में यूपी होमगार्ड में भी 41 हजार से अधिक पदों पर भर्ती के लिए परीक्षाएं हुईं। दरोगा, आरक्षी नागरिक पुलिस, कंप्यूटर ऑपरेटर, लिपिक संवर्ग, होमगार्ड व अन्य पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेजी से बढ़ी है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने ऐसा माहौल बनाया है कि भर्ती निष्पक्ष व ईमानदारी से हुई। अब आपका भी दायित्व है कि साफ नीयत, ईमानदारी, पारदर्शिता के साथ यूपी पुलिस के माध्यम से सेवा देकर राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्वों का निर्वहन करें। हर भारतीय नागरिक जब अपने क्षेत्र में ईमानदारी से कर्तव्यों का निर्वहन करेगा, तब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत की परिकल्पना साकार होगी। किसी व्यक्ति, जाति, मत-मजहब का अहंकार या व्यक्तिगत इच्छा, राष्ट्र से बढ़कर नहीं हो सकती। कहा कि प्रशिक्षण में अभ्यर्थी शारीरिक रूप से फिट रहेंगे तो दिमागी तौर पर भी फिट होंगे और तभी ईमानदारी से देश और समाज को सेवा दे पाएंगे।

इन्हें दिया नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री ने मंच पर 10 अभ्यर्थियों को अपने हाथ से नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें पूजा गुप्ता (मऊ), वैशाली (लखनऊ), शालिनी आनंद (झांसी), अमन त्यागी (मेरठ), भूपेंद्र सिंह वर्मा (बाराबंकी), अंकित कुशवाहा (बांदा), शुभम चौरसिया (प्रतापगढ़), श्याम सुंदर (सोनभद्र), मोनू पासवान (गोरखपुर) और मनीष गौड़ शामिल रहे।

(फोटो कैप्शन): लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मंगलवार को प्रधान परिचालकों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नियुक्ति पत्र प्रदान किया।