20 May 2026

मुरादाबाद मंडल के 18 कॉलेजों का रिजल्ट शून्य, सभी छात्र अनुत्तीर्ण

 

मुरादाबाद मंडल के 18 कॉलेजों का रिजल्ट शून्य, सभी छात्र अनुत्तीर्ण

मुरादाबाद। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय से संबद्ध मुरादाबाद मंडल के 18 कॉलेजों का परीक्षा परिणाम शून्य आने से शिक्षा जगत में हड़कंप मच गया है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी स्नातक और परास्नातक परीक्षाओं के परिणामों में इन कॉलेजों के सभी छात्र अनुत्तीर्ण घोषित हुए हैं। परिणाम सामने आने के बाद छात्र, अभिभावक और शिक्षक सभी रिजल्ट की पारदर्शिता पर सवाल उठा रहे हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार मंडल के कई कॉलेजों का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है। 18 कॉलेज ऐसे हैं जिनका परिणाम शून्य प्रतिशत रहा, जबकि नौ कॉलेजों का रिजल्ट 10 प्रतिशत से भी कम दर्ज किया गया है। कुलपति प्रो. सचिन माहेश्वरी ने बताया कि विश्वविद्यालय का कुल परिणाम 52.5 प्रतिशत रहा है, लेकिन कुछ कॉलेजों के परिणाम असामान्य रूप से कम आने के कारण जांच कराई जाएगी।

कुलपति ने संकेत दिए कि परिणाम प्रक्रिया में किसी स्तर पर तकनीकी गड़बड़ी या सिस्टम में हस्तक्षेप की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि जिन छात्रों के अंक असामान्य रूप से कम आए हैं, उनके विषय शिक्षकों से काउंसलिंग कराई जाएगी और जरूरत पड़ने पर रेमेडियल कक्षाएं भी संचालित होंगी।

उधर, सेल्फ फाइनेंस डिग्री कॉलेज प्रिंसिपल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रो. छुट्टन खान ने दावा किया कि जिन कॉलेजों का परिणाम शून्य आया है, वहां ऐसा कोई छात्र नहीं है जो सभी विषयों में फेल हुआ हो। अधिकांश छात्रों के कम से कम एक विषय में बैक पेपर आए हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी छात्र के चारों विषयों में बैक है, तभी उसे सेमेस्टर बैक माना जाएगा।

जानकारी के अनुसार रामपुर, बिजनौर, अमरोहा और संभल के कई कॉलेजों का परिणाम भी बेहद कम रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने जल्द ही पांच जिलों के 372 कॉलेजों के प्राचार्यों की बैठक बुलाने का निर्णय लिया है, जिसमें रिजल्ट की समीक्षा और आगे की रणनीति तय की जाएगी।