कर्मचारी भविष्य निधि संगठन जल्द जारी करेगा नंबर, पोर्टल-ऐप पर नहीं जाना होगा, 24 घंटे मिलेगी सुविधा
नई दिल्ली, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) जल्द नई सुविधा शुरू करने जा रहा है। इसके तहत नौकरीपेशा लोग अब व्हाट्सएप के जरिए अपने पीएफ खाते से जुड़ी जानकारी आसानी से 24 घंटे प्राप्त कर सकेंगे। इसके बाद पीएफ बैलेंस, क्लेम की स्थिति और खाते से जुड़ी दूसरी जानकारी के लिए बार-बार पोर्टल या उमंग ऐप पर लॉगिन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इसके लिए ईपीएफओ जल्द अपना आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर जारी करेगा। यह नंबर पूरी तरह सुरक्षित और सत्यापित होगा, जिसके आगे ग्रीन टिक दिखाई देगा। कर्मचारी अपने यूएएन से जुड़े मोबाइल नंबर से इस नंबर पर केवल “हेलो” लिखकर संदेश भेजेंगे और इसके बाद पीएफ से जुड़ी सुविधाएं मिलना शुरू हो जाएंगी। यदि किसी कर्मचारी का पीएफ निकासी या आवेदन लंबित है, तो उसकी जानकारी भी सीधे व्हाट्सएप पर मिल जाएगी। ईपीएफओ के अनुसार, आधार सत्यापन और बैंक खाते से जुड़ी समस्याओं के समाधान में भी यह सेवा मददगार होगी।
स्थानीय भाषाओं में भी सुविधा :
ईपीएफओ इस सेवा को केवल अंग्रेजी तक सीमित नहीं रखेगा। अलग-अलग राज्यों के कर्मचारियों को उनकी स्थानीय भाषा में जानकारी और सहायता मिलेगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग आसानी से इसका उपयोग कर सकें। इस सेवा की सबसे बड़ी खासियत इसका एआई आधारित चैटबॉट होगा। यह चैटबॉट 24 घंटे और सातों दिन सक्रिय रहेगा। कर्मचारी पीएफ ट्रांसफर, लंबित दावे, प्रोफाइल अपडेट, नाम या जन्मतिथि में गलती जैसी समस्याओं को लेकर सीधे चैटबॉट से मदद ले सकेंगे।
ये सुविधाएं मिलेंगी
* यह सुविधा 24 घंटे मौजूद होगी और सबसे अच्छी बात यह है कि सदस्य अपनी स्थानीय भाषा में बात करके ईपीएफओ से जानकारी ले सकेंगे।
* व्हाट्सएप के जरिए आप अपना पीएफ बैलेंस, पिछले पांच लेनदेन और क्लेम स्थिति जैसी जरूरी चीजें बस एक क्लिक पर देख पाएंगे।
* जिन लोगों का आधार सत्यापन या बैंक खाते का प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) अटका हुआ है, उन्हें व्हाट्सएप पर ही खास सहायता दी जाएगी।
* ईपीएफओ आधार सत्यापन पूरा कराने के लिए फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक का इस्तेमाल भी अब व्हाट्सएप के माध्यम से ही कराएगा।
* पीएफ से जुड़ी हर नई अपडेट और संदेश सीधे सदस्य के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप के जरिए मिलेंगे।
यूपीआई की मदद से रकम निकासी जल्द
श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने मंगलवार को कहा कि ईपीएफओ सदस्य जल्द ही यूपीआई के जरिए पीएफ खाते से पैसा निकाल कर सीधे अपने बैंक खातों में भेज सकेंगे। उन्होंने कहा कि इसका परीक्षण पूरा हो चुका है। श्रम मंत्रालय ऐसी परियोजना पर काम कर रहा है, जिसके तहत ईपीएफ के एक निश्चित हिस्से पर रोक रहेगी और एक बड़ा हिस्सा यूपीआई का उपयोग करके उनके बैंक खाते के माध्यम से निकाला जा सकेगा। सदस्य अपने लिंक किए गए बैंक खातों में पैसा अंतरित करने के लिए उपलब्ध पात्र ईपीएफ राशि देख सकेंगे।

