26 May 2026

25 से कम छात्र तो प्रिंसिपल पर कार्रवाई

 

लखनऊ। माध्यमिक स्कूलों में व्यावसायिक शिक्षा के पाठ्यक्रमों में कम हो रहे प्रवेश को लेकर विभाग सख्त है। शिकायत मिली है कि जानबूझकर स्कूलों में प्रधानाचार्य छात्रों का प्रवेश व्यावसायिक शिक्षा के पाठ्यक्रमों में नहीं ले रहे हैं। माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने ऐसे प्रधानाचार्यों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।



माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेन्द्र देव की ओर से सभी जिलों के डीआईओएस को भेजे गए पत्र में लिखा है कि उन्हें उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ की ओर से बताया गया है कि स्कूलों में व्यावसायिक शिक्षा के ट्रेडों में छात्रों को प्रवेश नहीं दिए जा रहे। प्रधानाचार्य व्यावसायिक शिक्षा में प्रवेश देने में आनाकानी कर रहे हैं। ऐसे में अब अभियान चला कर स्कूलों में प्रवेश लिया जाए। अभी 823 सरकारी माध्यमिक स्कूलों में यह पाठ्यक्रम चल रहे हैं। नियमानुसार एक ट्रेड में 25 विद्यार्थियों या फिर विशेष परिस्थितियों में 10 छात्र पर प्रशिक्षण कराया जा सकता है। जुलाई से 1701 नए सरकारी माध्यमिक स्कूलों में व्यावसायिक शिक्षा की पढ़ाई शुरू कराने की तैयारी है। ऐसे में प्रधानाचार्यों के रवैये के कारण कहीं व्यावसायिक शिक्षा के पाठ्यक्रम न चलें सके लिए सख्ती की जाएगी। अगर प्रधानाचार्य व्यावसायिक शिक्षा के विभिन्न 17 ट्रेडों में छात्रों को प्रवेश नहीं देंगे और न्यूनतम 25 छात्र नहीं होंगे तो प्रधानाचार्यों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।