प्रयागराज, । कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने कांस्टेबल जीडी भर्ती-2026 की पिछले दिनों हुई परीक्षा में तकनीकी गड़बड़ी और व्यवधान से प्रभावित मध्य क्षेत्र कार्यालय के अधीन आने वाले विभिन्न शहरों के अभ्यर्थियों के लिए पुनर्परीक्षा की नई तारीख घोषित कर दी है। आयोग के अनुसार प्रभावित 4162 अभ्यर्थियों की पुनर्परीक्षा अब 31 मई को होगी। इसके लिए नए प्रवेश पत्र आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए गए हैं। एसएससी ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य होगा। यदि कोई अभ्यर्थी पुनर्परीक्षा में उपस्थित नहीं होता है तो उसे अनुपस्थित माना जाएगा।
आईटेक जोन की परीक्षा दूसरे केंद्रों पर होगी
प्रयागराज के अंदावा स्थित सुनीता सिंह सीता सिंह महिला महाविद्यालय के आईटेक जोन परीक्षा केंद्र के प्रभावित 4911 अभ्यर्थियों की परीक्षाएं शहर के दूसरे छह केंद्रों पर 29, 30 और 31 मई को कराई जाएंगी। प्रशासन और आयोग की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। विदित हो कि 25 मई को अंदावा आईटेक जोन केंद्र पर तकनीकी समस्या के कारण अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा और तोड़फोड़ किया था। इसके बाद 26 मई को भी तकनीकी खामी सामने आने पर फिर हंगामा हुआ था। इसी के चलते एसएससी ने इस केंद्र की 26 और 27 मई की परीक्षाएं स्थगित कर दी थी। बाद में 29 और 30 मई की परीक्षाएं भी टाल दी गई थीं।

