बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित परिषदीय विद्यालयों में सोमवार से सफाई अभियान शुरू हो गया। विभागीय निर्देशों के अनुसार 22, 23 और 24 जून तक विद्यालयों में सफाई, रंग-रोगन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का कार्य किया जाएगा। इसके बाद 25 जून से विद्यालयों में नियमित रूप से पठन-पाठन शुरू होगा। परिषदीय विद्यालय पहले 16 जून से खुलने थे, लेकिन भीषण गर्मी को देखते हुए शासन ने ग्रीष्मावकाश की अवधि बढ़ा दी थी। अब अवकाश समाप्त होने के बाद विद्यालयों को बच्चों के स्वागत के लिए तैयार किया जा रहा है। सोमवार को जिले के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में शिक्षक निर्धारित समय पर पहुंचे और विद्यालय परिसर, कक्षाओं, शौचालयों तथा पेयजल व्यवस्था की सफाई कराई।
ये भी पढ़ें - UPTET Exam City: यूपी टीईटी 2026 एग्जाम सिटी जारी, इस तरीके से देख सकते हैं अपनी एग्जाम सिटी स्लिप
कई विद्यालयों में शिक्षकों ने स्वयं भी सफाई कार्य में भाग लिया और विद्यालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। विभागीय अधिकारियों ने सभी शिक्षकों को विद्यालय में उपस्थित रहकर साफ-सफाई और आवश्यक तैयारियां पूरी कराने के निर्देश दिए। विद्यालयों में नामांकन, पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता और अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की जा रही है।

