23 June 2026

परिषदीय स्कूलों में 25 से नियमित पढ़ाई


अभी सफाई, अभिलेख सत्यापन व व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटे शिक्षक

बहराइच। गर्मी की छुट्टियों के बाद जिले के परिषदीय विद्यालय सोमवार से खुल गए, लेकिन अभी बच्चों की चहल-पहल नहीं दिखेगी। बेसिक शिक्षा विभाग के निर्देश पर अगले तीन दिनों तक शिक्षक विद्यालयों की साफ-सफाई, अभिलेखों के सत्यापन और शैक्षिक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे रहेंगे। सभी तैयारियां पूरी होने के बाद 25 जून से नियमित पठन-पाठन शुरू होगा।

सोमवार को नवाबगंज ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय प्रथम नवाबगंज में प्रधानाध्यापिका सलमा बेगम, शिक्षक मंसूर अहमद और संकुल प्रभारी तीर्थराम विद्यालय परिसर की सफाई, कक्षाओं की व्यवस्था और अभिलेखों के मिलान में व्यस्त रहे।

वहीं ग्राम पंचायत बसंतपुर कालिका के मजरा ढोड़े गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक राम सिंह के नेतृत्व में विद्यालय परिसर की साफ-सफाई कराई गई तथा नामांकन, एमडीएम और अन्य अभिलेखों को व्यवस्थित किया गया।

शिक्षकों का कहना है कि नए शैक्षिक सत्र की शुरुआत बेहतर माहौल में कराने के लिए सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जा रही हैं, ताकि बच्चों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।

बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार सभी परिषदीय विद्यालयों में तीन दिनों तक साफ-सफाई, अभिलेखों का सत्यापन, कक्षाओं की व्यवस्था और आवश्यक तैयारियां कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि 25 जून से जिले के सभी विद्यालयों में नियमित पठन-पाठन शुरू होगा और विद्यालयों की व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी भी की जाएगी।