29 June 2026

होमगार्ड भर्ती परीक्षा का परिणाम जारी, वेबसाइट पर देख सकेंगे



लखनऊ, पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड ने होमगार्ड स्वयंसेवकों की एनरोलमेंट के तहत भर्ती परीक्षा की अंतिम उत्तरकुंजी रविवार को जारी कर दी। इसके आधार पर पात्र अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों का मिलान और शारीरिक मानक परीक्षण होगा। इसके बाद दौड़ के आधार पर अंतिम परिणाम जारी किया जाएगा।


अभ्यर्थी अंतिम उत्तरकुंजी बोर्ड की वेबसाइट https://uppbpb.gov.in पर चार जुलाई तक देख सकेंगे। अंतिम उत्तरकुंजी के बाद प्रश्नों तथा उनके उत्तर विकल्पों पर किसी भी प्रकार की कोई आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। भर्ती बोर्ड ने 25, 26 व 27 अप्रैल को सभी छह पालियों में हुई लिखित परीक्षा के प्रश्नपत्रों तथा उत्तरकुंजी को सात से 10 मई तक प्रदर्शित कर आपत्तियां मांगी थीं। अभ्यर्थियों से प्राप्त आपत्तियों का विषय विशेषज्ञों ने परीक्षण किया। इस प्रक्रिया में सभी छह पालियों में कुल दो प्रश्नों से जुड़ी आपत्तियां उचित पाई गईं, जिनका सक्षम स्तर पर विचार कर निर्णय लिया गया। अभ्यर्थियों को बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक पर जाकर अपना रोल नंबर, जन्मतिथि व प्रश्न पुस्तिका क्रमांक की सहायता से लॉगिन करना होगा।


1,07,221 अभ्यर्थियों को मिलेगा अगला मौका

होमगार्ड के 41,424 पदों को भरे जाने के लिए हुई लिखित परीक्षा में सफल 1,07,221 अभ्यर्थियों को डीवी/पीएसटी में शामिल होने का अवसर मिलेगा। सफल अभ्यर्थियों में से अंको की श्रेष्ठता और आरक्षण नीति के अनुरूप जिलावार / श्रेणीवार कुल 41.424 पदों के अनुरूप लगभग 2.6 गुना अभ्यर्थियों को अभिलेखों की संवीक्षा एवं शारीरिक मानक परीक्षण (डीवी/पीएसटी) में शामिल होने का मौका दिया जाएगा।