लखनऊ, प्रमुख संवाददाता। यूपी में समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित किए जा रहे 112 जय प्रकाश नारायण सर्वोदय स्कूलों को देश के टॉप बोर्डिंग स्कूलों की तर्ज पर संवारा जाएगा। टॉप बोर्डिंग स्कूलों की श्रेष्ण कार्य-प्रणालियों को अपनाया जाएगा।
, समाज कल्याण विभाग ने इसकी लिए बोर्डिंग स्कूल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के साथ एमओयू किया है। बुधवार को राजधानी स्थित भागीदारी भवन में समाज कल्याण विभाग व बीएसएआई के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। देश के अग्रणी बोर्डिंग स्कूलों में अपनाई जा रही श्रेष्ठ कार्य प्रणालियों को अपनाकर सर्वोदय स्कूलों को बेहतर बनाया जाएगा। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, छात्रावास प्रबंधन, छात्र देखभाल, अनुशासन, नेतत्व विकास, जीवन कौशल और तकनीकी आधारित शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा।
एमओयू के तहत सर्वोदय स्कूलों के प्रधानाध्यापक व शिक्षक बीएसएआई से संबद्ध बोर्डिंग स्कूलों का शैक्षिक भ्रमण करेंगे।
वहां की शिक्षा व्यवस्था, छात्रावास संचालन व प्रशासनिक प्रणालियों का अध्ययन करेंगे। फिर सर्वोदय स्कूलों के लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की जाएगी। सभी 112 सर्वोदय स्कूलों में इसे चरणबद्ध ढंग से लागू किया जाएगा। समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि सर्वोदय विद्यालयों में पढ़ रहे विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित बोर्डिंग स्कूलों जैसी शिक्षा, अनुशासन व अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। बीएसएआई की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सपना सुकुल ने कहा कि यह साझेदारी सर्वोदय स्कूलों में गुणात्मक सुधार करेगी। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव, समाज कल्याण अनुराग यादव ने कहा कि यह समझौता सर्वोदय विद्यालयों में बेहतर ढंग से सुधार की एक नई शुरुआत साबित होगा।

