30 August 2026

प्राथमिक विद्यालयों में अब नहीं चलेगी फटी दरी-मेट, 15 सितंबर तक बेंच-डेस्क समेत व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

 

प्राथमिक विद्यालयों में अब नहीं चलेगी फटी दरी-मेट, 15 सितंबर तक बेंच-डेस्क समेत व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

प्रयागराज। प्राथमिक विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम ने सख्त निर्देश दिए हैं। जिन विद्यालयों में बेंच-डेस्क उपलब्ध नहीं हैं या दरी-मेट फटी हुई हैं, वहां आवश्यक व्यवस्थाएं 15 सितंबर तक हर हाल में सुनिश्चित करने को कहा गया है।

मंडलायुक्त ने जलभराव, विद्युत कनेक्शन और विद्यालय तक पहुंचने वाले संपर्क मार्ग की समस्याओं की सूची भी 24 घंटे में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। शनिवार को गांधी सभागार में चारों जिलों के सीडीओ, बीएसए और सभी बीईओ के साथ बैठक में उन्होंने विद्यालयों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को औचक निरीक्षण के लिए चेकलिस्ट तैयार करने के निर्देश दिए। विद्यालय समय के बाद दोपहर 2:30 बजे से प्रधानाध्यापक और शिक्षकों की कम उपस्थिति वाले क्षेत्रों के अभिभावकों से संपर्क करने को कहा गया है।

24 घंटे में उपलब्ध करानी होगी फोटो सहित रिपोर्ट

विद्यालयों में पुस्तक एवं यूनिफॉर्म की उपलब्धता तथा डीबीटी के तहत छात्रों को मिली सुविधाओं की जानकारी 15 दिनों में सीडीओ स्तर पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा फोटो सहित आख्या 24 घंटे में उपलब्ध कराने को कहा गया है।

बच्चों की नियमित उपस्थिति पर जोर

मंडलायुक्त ने बच्चों की वास्तविक और नियमित उपस्थिति बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। बच्चों को निर्धारित यूनिफॉर्म में विद्यालय आने के लिए प्रेरित करने तथा कक्षा एक से आठ तक के बच्चों को मिड-डे मील के बाद भोजन अवकाश कराने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने सीडीओ को अगले सप्ताह एक विद्यालय का निरीक्षण कर बच्चों के शैक्षिक स्तर का आकलन करने को भी कहा। बड़ी सड़क पार करने वाले अथवा अधिक यातायात वाले क्षेत्रों के जोखिम वाले विद्यालयों में शिक्षामित्रों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में बच्चों को बेहतर और सुरक्षित शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए।