30 August 2026

विद्याज्ञान स्कूल में निःशुल्क आवासीय शिक्षा का मौका, आवेदन शुरू



वाराणसी : प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन होनहार बच्चों को विश्वस्तरीय आवासीय शिक्षा देने के उद्देश्य से विद्याज्ञान स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छह में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र सिंह ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को पात्र छात्र-छात्राओं के आनलाइन आवेदन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। शिव नाडर फाउंडेशन और प्रदेश सरकार के पीपीपी माडल के तहत बुलंदशहर एवं सीतापुर में संचालित इन विद्यालयों में कक्षा छह से 12 तक की शिक्षा, भोजन, आवास और अन्य सभी सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क हैं।


आवेदन के लिए अभिभावक का प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्र का स्थायी निवासी होना और परिवार की कुल वार्षिक आय तीन लाख रुपये से कम होना जरूरी है। ग्रामीण क्षेत्र के परिषदीय, राजकीय या मान्यता प्राप्त विद्यालयों में वर्तमान में कक्षा पांच में पढ़ रहे विद्यार्थी ही आवेदन कर सकते हैं। विद्यार्थी सिर्फ एक बार परीक्षा में बैठ सकता है। आनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर है। प्रदेश के सभी जनपदों में दो पालियों में 29 नवंबर को प्रारंभिक परीक्षा होगी। बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद जनवरी के अंतिम या फरवरी के प्रथम सप्ताह में मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी। मुख्य परीक्षा, साक्षात्कार, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल टेस्ट के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी होगी।