आधार या वोटर कार्ड दिखाकर सफर कर सकेंगी बुजुर्ग महिलाएं
लखनऊ। 60 साल या इससे अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज की साधारण बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा अब स्मार्ट कार्ड के बिना भी मिल सकेगी। पात्र महिलाएं आधार कार्ड या वोटर कार्ड में दर्ज जन्मतिथि के आधार पर इस योजना का लाभ ले सकेंगी।
मातृ शक्ति यात्रा योजना के तहत यह सुविधा 28 अगस्त से शुरू हो गई है। परिवहन विभाग के मुताबिक यात्रा के दौरान महिला यात्रियों को परिचालक को आधार या वोटर आईडी दिखानी होगी। जन्मतिथि की पुष्टि के लिए शून्य मूल्य का टिकट जारी किया जाएगा। महिला यात्री से इसके लिए कोई किराया नहीं लिया जाएगा।
स्मार्ट कार्ड बनवाना अनिवार्य नहीं
परिवहन निगम पात्र महिलाओं के लिए विशेष स्मार्ट कार्ड जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू करेगा, लेकिन फिलहाल स्मार्ट कार्ड अनिवार्य नहीं है। निगम ने परिचालकों को योजना की जानकारी देने के निर्देश दिए हैं।
पात्र महिला से किराया मांगने या वसूलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्रीय अधिकारी और डिपो प्रभारी योजना की नियमित निगरानी करेंगे। योजना का उद्देश्य 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज की साधारण बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराना है।

