30 August 2026

69000 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने फिर शुरू किया आंदोलन

 

69000 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने फिर शुरू किया आंदोलन

लखनऊ। 69000 शिक्षक भर्ती में आरक्षण के प्रभावित अभ्यर्थियों ने शनिवार से फिर आंदोलन शुरू कर दिया। अभ्यर्थी पहले दिन बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास के सामने बैठे और आरक्षण में न्याय की मांग उठाई। अभ्यर्थियों ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय में सुनवाई 8 सितंबर को तय है। लेकिन सरकार सुप्रीम कोर्ट में उन अभ्यर्थियों का पक्ष नहीं रख रही है जिनकी नियुक्ति के लिए चयन सूची आज से 4 साल पहले ही जारी हो चुकी है। इसके आधार पर 6800 ओबीसी व दलित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिलना था। प्रदर्शन में शामिल अर्चना शर्मा ने बताया कि सीएम योगी से मिलकर हमने अपनी बात रखी थी। इसके बाद नियुक्ति के लिए 5 जनवरी 2022 को 6800 अभ्यर्थियों की लिस्ट तो जारी कर दी गयी लेकिन नियुक्ति अब तक नहीं मिली। अभ्यर्थी आशुतोष पटेल ने विभाग पर पैरवी न करने का आरोप लगाया। आंदोलन में शामिल यशवंत, गंगा शरण, नज़मा, अमर मौर्य, चंदन, संजय, संगम निषाद ने मांग पूरी होने तक धरना देने का एलान किया। ब्यूरो