26 August 2026

31.08.2026 से पहले अगस्त माह का वेतन जारी करने के आदेश

 

31.08.2026 से पहले अगस्त माह का वेतन जारी करने के आदेश

समग्र शिक्षा के संविदा कर्मियों को अगस्त का मानदेय 31 अगस्त से पहले देने के निर्देश

लखनऊ। समग्र शिक्षा योजना के अंतर्गत कार्यरत संविदा एवं परियोजना कर्मियों के लिए राहत की खबर है। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय की ओर से सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को अगस्त 2026 का वेतन/मानदेय 31 अगस्त 2026 से पहले अनिवार्य रूप से भुगतान करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार समग्र शिक्षा योजना को SNA-SPARSH 2.0 प्रणाली के माध्यम से संचालित किए जाने की कार्यवाही शुरू हो गई है। इसके लिए भारत सरकार से प्रथम मदर सेंक्शन (1st Mother Sanction) प्राप्त हो चुकी है। राज्य सरकार से उक्त मदर सेंक्शन के सापेक्ष वित्तीय स्वीकृति शीघ्र जारी होने की उम्मीद है।

आदेश में कहा गया है कि वित्तीय स्वीकृति जारी होने के बाद SNA-SPARSH पोर्टल पर इम्प्लीमेंटिंग एजेंसियों की मैपिंग आदि की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस प्रक्रिया के कारण भुगतान में विलंब की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसी को देखते हुए परियोजना से संबंधित जनपदों में प्रतिनियुक्ति/संविदा पर कार्यरत सभी कार्मिकों का अगस्त 2026 का वेतन/मानदेय 31 अगस्त से पहले ही भुगतान किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

इसमें राजकीय कार्यक्रम कार्मिक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, केजीबीवी शिक्षक, विशेष शिक्षक, जिला परियोजना कार्यालय एवं ब्लॉक स्तर के कार्मिक तथा ईएमआईएस/ईआईटी एक्सपर्ट, एलएनजीबीआईओ अनुदेशक आदि शामिल हैं।

महानिदेशक कार्यालय ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को अपने स्तर से भुगतान की स्थिति की निगरानी करने और यह सुनिश्चित करने को कहा है कि किसी भी अधिकारी अथवा कर्मचारी का अगस्त माह का वेतन/मानदेय भुगतान शेष न रहे।

आदेश सक्षम स्तर से अनुमोदनोपरांत जारी किया गया है। इससे समग्र शिक्षा के तहत कार्यरत हजारों संविदा एवं परियोजना कर्मियों को समय से अगस्त का मानदेय मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।