सीएम सम्राट चौधरी ने रक्षाबंधन के ठीक पहले बिहार की महिलाओं और लड़कियों के लिए तोहफों की बरसात कर दी है। मंगलवार को उन्होंने सीएम सचिवालय स्थित संवाद सभागार में महिलाओं को रोजगार और स्वास्थ्य से जोड़ने के लिए तीन दिवसीय विशेष अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने 2030 से पहले प्रदेश की एक करोड़ महिलाओं को रोजगार देने के साथ ही एससी-एसटी महिलाओं को अंतरजातीय विवाह (Inter caste marriage) करने पर सरकार से ढाई लाख रुपए की सहायता दिए जाने का ऐलान किया। इसके साथ ही सभी वर्गों की छात्राओं को खुशखबरी देते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं का पीटी (Preliminary Test) पास करने पर उन्हें 30 हजार से एक लाख रुपए तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बिहार में महिलाओं को पंचायत और नगर निकाय चुनावों में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। आज राज्य में करीब 59-60 प्रतिशत महिलाएं जनप्रतिनिधि के रूप में निर्वाचित होकर आ रही हैं। यह महिला सशक्तीकरण की दिशा में बिहार की बड़ी उपलब्धि है।
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि साल-2030 तक जिन एक करोड़ महिलाओं को रोजगार दिया जाएगा उनमें से 50 लाख महिलाओं को दुग्ध सहकारी समितियों और इससे जुड़े कामों से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार की तरक्की का रास्ता महिलाओं के विकास से ही निकलेगा। राज्य सरकार इन्हें हर तरह की सुविधा देने के लिए साथ खड़ी होगी। वर्ष 2047 तक बिहार देश का सबसे ताकतवार राज्य बनेगा। सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि सात निश्चय-तीन में वर्ष 2030 तक एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य तय किया गया है। इसको लेकर व्यापक पहल की गई है। इसी क्रम में एक करोड़ महिलाओं को रोजगार देने का नया लक्ष्य हमलोगों ने तय किया है। सीएम ने पशुपालन एवं दुग्ध क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की घोषणा करते हुए कहा कि इसकी संख्या 12 लाख से बढ़ाकर 50 लाख से अधिक करने का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को सुधा सखी, जीविका सुधा बिक्री केंद्र तथा दूध संग्रहण केंद्रों से जोड़कर उन्हें रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। बिहार में डेयरी क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी 80 प्रतिशत तक करने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत सुधा बिक्री केंद्र खोलनेवाली महिलाओं को दूसरी और तीसरी किश्त मिलाकर करीब 60 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। सभी पंचायतों में एक सुधा बिक्री केंद्र खोलने के लिए दीदी का चयन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। इसे गांवों तक विस्तार दिया जाएगा। सभी 534 प्रखंडों में पशु औषधि बिक्री केंद्र खोलने का अभियान भी शुरू किया गया है। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह सहित कई महत्वपूर्ण लोग मौजूद रहे।
सीएम सम्राट को राखी बांधी
कार्यक्रम में जीविका दीदी, सुधा सखी और दुग्ध उत्पादक महिलाओं ने मुख्यमंत्री को राखी बांधकर शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने सभी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जीविका-सुधा बिक्री केंद्रों के आवंटन-पत्र जीविका दीदियों को दिये। साथ ही पशु औषधि बिक्री केंद्रों के लिए चयनित महिलाओं को चयन-पत्र दिये। दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के निबंधन प्रमाण-पत्र भी बांटे गए।
एनीमिया मुक्त बिहार विशेष अभियान का शुभारंभ
सीएम सम्राट चौधरी ने मंगलवार को एनीमिया मुक्त बिहार विशेष अभियान का शुभारंभ भी किया, जो 30 नवंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान एक करोड़ 20 लाख लाभार्थियों की जांच होगी, उनका इलाज किया जाएगा और दवाएं दी जाएंगी। अभियान में बच्चों, महिलाओं और विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं की एनीमिया की जांच की जाएगी तथा जरूरत के अनुसार उनका उपचार और दवा उपलब्ध कराई जाएगी।
