प्रयागराज। रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों की 1553 छात्राओं को योजना का लाभ मिलेगा। अनारक्षित वर्ग के लिए 72.20 प्रतिशत अंक कटऑफ तय की गई है। इस आधार पर 1536 छात्राओं का चयन हुआ है। वहीं विशेष श्रेणी में 62.20 प्रतिशत अंक पर 17 छात्राओं को पात्र पाया गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक विशेष श्रेणी में चयनित छात्राओं में 16 निराश्रित और एक दिव्यांग छात्रा शामिल है। चयनित छात्राओं के लिए अब दस्तावेजों का सत्यापन कराया जाएगा। इसके लिए सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर में सत्यापन प्रक्रिया होगी। छात्राओं को सुबह 10 से शाम पांच बजे के बीच प्रशासनिक भवन में पहुंचकर औपचारिकताएं पूरी करनी होगी।
अब तक 1200 छात्राओं का सत्यापन
विश्वविद्यालय की ओर से बताया गया कि योजना के लिए पात्र छात्राओं की सूची संबंधित महाविद्यालयों के कॉलेज लॉगिन पर पहले ही उपलब्ध कराई जा चुकी है। सूची 20 अगस्त व एक सितंबर को अपलोड की गई थी। इसके बावजूद अभी करीब 1200 छात्राओं का ही सत्यापन पूरा हो सका है। ऐसे में शेष चयनित छात्राओं को अंतिम अवसर देते हुए सोमवार को विश्वविद्यालय पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
सत्यापन के लिए ये कागजात जरूरी
छात्राओं को सत्यापन के समय परीक्षा परिणाम की प्रति, अपार आईडी की प्रति, आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र और नवीनतम आय प्रमाण पत्र लेकर पहुंचना होगा। आय प्रमाण पत्र छात्रा व उसके पिता के नाम पर होना चाहिए। इसके साथ आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर वाला मोबाइल फोन भी साथ रखना होगा। पोर्टल पर पंजीकरण और अन्य आवश्यक प्रक्रिया इसी के माध्यम से पूरी की जाएगी।

