07 September 2026

तैयारी: बीएड डिग्रीधारी शिक्षकों के लिए ब्रिज कोर्स जल्द

 यूपी के 33640 समेत देशभर के 66154 शिक्षकों ने किया आवेदन




प्रयागराज, पूरे देश में बीएड के आधार पर प्राथमिक स्कूलों में चयनित सहायक अध्यापकों के लिए अनिवार्य ब्रिज कोर्स जल्द शुरू होगा। राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) से मान्य छह माह के विशेष पाठ्यक्रम की तैयारी पूरी कर ली है। देशभर से 66,154 शिक्षकों ने अनिवार्य प्रशिक्षण के लिए आवेदन किया है, जिसमें सर्वाधिक उत्तर प्रदेश के 33,640 शिक्षक हैं। मध्य प्रदेश से 10650, बिहार से 7569, पश्चिम बंगाल से 6627, असम से 1376 जबकि छत्तीसगढ़ से 1208 शिक्षकों ने आवेदन किया है।

शिक्षकों के प्रशिक्षण के लिए चार महीने पहले ही राज्यों से मंजूरी मिल गई थी लेकिन कुछ शिक्षकों ने ब्रिज कोर्स से छूट देने की मांग को लेकर सर्वोच्च न्यायालय में याचिकाएं कर रखी हैं। अब याचिकाओं का निस्तारण हो चुका है। शीर्ष अदालत ने 28 जून 2018 के बाद और 11 अगस्त 2023 से पूर्व प्राथमिक स्कूलों में नियुक्त बीएड अर्हताधारी सहायक अध्यापकों को ब्रिज कोर्स करवाने के निर्देश दिए थे। इन शिक्षकों को ब्रिज कोर्स शुरू होने की तिथि से एक वर्ष के भीतर एक बार में ही कोर्स पूरा करना है। कोर्स पूरा न करने वाले शिक्षकों की नियुक्ति अमान्य हो जाएगी। एनआईओएस मुख्यालय नोएडा में सक्षमता निर्माण प्रकोष्ठ के उपनिदेशक आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि ब्रिज कोर्स शुरू करने की तैयारी पूरी है।

  • 08 अप्रैल 2024 को सुप्रीम कोर्ट ने प्रशिक्षण का दिया था आदेश

  • 06 माह का विशेष पाठ्यक्रम राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान कराएगा