30 September 2026

नियमावली की अड़चन दूर नहीं, टीजीटी का विज्ञापन अटका

 प्रयागराज: सहायक अध्यापक (टीजीटी) भर्ती की आस लगाए प्रतियोगियों का इंतजार बढ़ गया है। नियमावली में संशोधन के पेच की वजह से 17 हजार 740 पदों का विज्ञापन अटक गया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने अपने संभावित कैलेंडर में 29 सितंबर से अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में टीजीटी भर्ती के लिए आवेदन की तिथि प्रस्तावित की थी। 




पिछले दिनों पुरानी नियमावली को लेकर हुए प्रतियोगियों के आंदोलन और उसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान के बाद विज्ञापन का इंतजार लंबा हो गया है। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद को पुरानी नियमावली की मांग कर रहे युवाओं को एक अवसर दिए जाने के संबंध में पत्र भेजने की प्रक्रिया गतिमान है। एनसीटीई से छूट की अनुमति मिलने के बाद ही पुराने नियमों से यह भर्ती हो सकेगी।