प्रयागराज। भारी बारिश के बीच मंगलवार को विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में यूपीटीईटी अभ्यर्थी अपनी समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग पहुंचे। अभ्यर्थियों ने रिजेक्ट किए गए ओएमआर की जांच, दोबारा परीक्षण कराने तथा मानकीकरण की प्रक्रिया में पारदर्शिता और एकरूपता की मांग को लेकर प्रतिवेदन सौंपे।
संयुक्त प्रतियोगी छात्र हुंकार मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि परीक्षा से जुड़ी तकनीकी या प्रक्रियागत खामी के कारण किसी अभ्यर्थी के भविष्य के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। मंच ने आयोग परिसर में बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए बैठने, प्रतीक्षा करने समेत मूलभूत सुविधाओं की कमी पर भी सवाल उठाए। मंच की ओर से बताया गया कि इन समस्याओं को लेकर बुधवार को जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री और आयोग अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

