02 September 2026

सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा में गलत उत्तर पर कटेगा एक अंक: भर्ती परीक्षा की प्रस्तावित संरचना और विषयवस्तु जारी

 


प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षक भर्ती परीक्षा की प्रस्तावित संरचना, 120 प्रश्नों की परीक्षा दो घंटे में होगी, एक प्रश्न तीन अंक का होगा



उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक (कक्षा एक से पांच) भर्ती परीक्षा की प्रस्तावित संरचना और विषयवस्तु जारी कर दिया है। परीक्षा दो घंटे की होगी। इसमें कुल 120 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न तीन अंक का होगा, जबकि गलत उत्तर देने पर एक अंक काटा जाएगा। सभी प्रश्नों में चार विकल्प होंगे और एक सही उत्तर होगा।


परीक्षा में सामान्य ज्ञान एवं समसामयिक घटनाओं के साथ तार्किक ज्ञान, हिंदी, संस्कृत एवं अंग्रेजी, विज्ञान, गणित, पर्यावरण एवं सामाजिक अध्ययन से प्रश्न पूछे जाएंगे।


सामान्य ज्ञान में अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और प्रदेश की महत्वपूर्ण घटनाएं, स्थान, व्यक्तित्व, रचनाएं, पुरस्कार, खेलकूद, भारतीय संस्कृति एवं कला से जुड़े विषय शामिल होंगे। तार्किक ज्ञान में समानता, कथन एवं कारण, वर्गीकरण, घड़ी एवं कैलेंडर, कूट लेखन, संख्या श्रेणी, पहेली, दिशा ज्ञान, वेन आरेख, आंकड़ों की व्याख्या आदि से प्रश्न आएंगे।


हिंदी, संस्कृत और अंग्रेजी में व्याकरण, अपठित गद्यांश, पद्यांश और समझ से संबंधित कुल 30 प्रश्न होंगे। गणित से 16 प्रश्न होंगे, जिसमें दशमलव, स्थानीय मान, भिन्न, ब्याज, लाभ-हानि, प्रतिशत, गुणनखंड, क्षेत्रफल, औसत, आयतन, अनुपात, बीजगणित, ज्यामिति और सांख्यिकी जैसे विषय शामिल हैं। विज्ञान से आठ प्रश्न होंगे। इसमें दैनिक जीवन में विज्ञान, गति, बल, ऊर्जा, प्रकाश, ध्वनि, मानव शरीर, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण, पर्यावरण और पदार्थ से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। पर्यावरण एवं सामाजिक अध्ययन में पृथ्वी की संरचना, नदियां, पर्वत, महाद्वीप, महासागर, प्राकृतिक संसाधन, अक्षांश-देशांतर, सौरमंडल, भारतीय भूगोल, स्वतंत्रता संग्राम, समाज सुधारक, संविधान, शासन व्यवस्था, अर्थव्यवस्था, सांस्कृतिक विरासत, पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन को शामिल किया गया है।


*📚 उच्च प्राथमिक विद्यालय सहायक अध्यापक (कक्षा 6–8 तक) की भर्ती परीक्षा 2026 की संरचना व विषय-वस्तु*
*https://www.gurujiportal.com/2026/09/68-2026.html*

*📚 UP PRT भर्ती परीक्षा 2026 का नया पैटर्न जारी: प्राथमिक विद्यालय सहायक अध्यापक (कक्षा 1–5 तक) की भर्ती परीक्षा 2026 की संरचना व विषय वस्तु*
*https://www.gurujiportal.com/2026/09/up-prt-2026-15-2026.html*

शिक्षण कौशल, बाल मनोविज्ञान से भी पूछे जाएंगे सवाल

इसके अलावा शिक्षण कौशल, बाल मनोविज्ञान, सूचना तकनीकी तथा जीवन कौशल, प्रबंधन एवं अभिवृत्ति से भी प्रश्न पूछे जाएंगे। इनका स्तर डीएलएड पाठ्यक्रम के अनुरूप होगा। शिक्षण कौशल में शिक्षण विधियां, अधिगम के सिद्धांत, समावेशी शिक्षा, मूल्यांकन, प्रारंभिक पठन कौशल और शैक्षिक प्रबंधन शामिल हैं। बाल मनोविज्ञान में व्यक्तिगत भिन्नता, बाल विकास, सीखने की जरूरत, सीखने के सिद्धांत और दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था से जुड़े विषय रहेंगे। सूचना तकनीकी में कंप्यूटर, इंटरनेट, स्मार्टफोन, खुले शैक्षिक संसाधन, उपयोगी ऐप और डिजिटल शिक्षण सामग्री पर जोर रहेगा। जीवन कौशल एवं अभिवृत्ति में व्यावसायिक आचरण, नीति, प्रेरणा, शिक्षक की भूमिका, संवैधानिक एवं मानवीय मूल्य तथा दंड और पुरस्कार व्यवस्था को शामिल किया गया है।