13 October 2026

पौष्टिक मिड डे मील देने को पाक-कला प्रतियोगिता


लखनऊ। परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों में विद्यार्थियों को मिड डे मील स्वादिष्ट व पौष्टिक मिले इसके लिए पाक-कला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। सभी जिलों में प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिसमें श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले रसोइयों को सम्मानित किया जाएगा।


ये भी पढ़ें - UP News: परिषदीय स्कूलों में MDM पंजिका पर रोज अपलोड करनी होगी भोजन और थाली की फोटो, इन दिनों पर रखना होगा विशेष ध्यान,


अपर मुख्य सचिव, बेसिक व माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा की ओर से इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। हर जिले में 30 रसोइयों को चयनित कर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। छात्रों की अधिक उपस्थिति वाले स्कूलों के रसोइयों को वरीयता दी जाएगी।


ऐसे रसोइये जो कम से कम तीन वर्षों से कार्य कर रहे हैं, उनको प्रतियोगिता में शामिल किया जाएगा। 15 नवंबर तक प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले रसोइयों की आवेदन प्रक्रिया पूरी होगी। कुल 55 अंकों की प्रतियोगिता में भोजन का स्वाद, पौष्टिक तत्व, भोजन पकाने का तरीका, स्वच्छता और सुरक्षा के 10-10 अंक होंगे और 5 अंक अच्छे व्यवहार के होंगे। प्रथम विजेता को 3500, द्वितीय विजेता को 2500 और तृतीय विजेता को 1500 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं बाकी 27 रसोइयों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 300-300 रुपये दिए जाएंगे। वहीं प्रत्येक प्रतिभागी रसोइये को 350 रुपये आवागमन भत्ता दिया जाएगा। प्रत्येक जिले को पाक-कला प्रतियोगिता आयोजित करने के लिए 71-71 हजार रुपये का बजट दिया गया है।


...................................................


मिड डे मील खाते छात्रों की भेजनी होगी फोटो


परिषदीय स्कूलों में मिड डे मील खाते हुए छात्रों की अब हर दिन फोटो भेजनी होगी। पंक्ति में बैठाकर छात्रों की फोटो मिड डे मील एप के माध्यम से सभी विद्यालय भेजेंगे। जिससे छात्रों की संख्या व भोजन की गुणवत्ता का सत्यापन होगा। प्रत्येक स्कूल पांच-पांच फोटो हर दिन भेजेंगे।