लखनऊ, यूपी की मतदाता सूची से 5.50 लाख डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। डी-डुप्लीकेट सॉफ्टवेयर की मदद से मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टि वाले वोटरों की पहचान कर उन्हें हटाया जाता है। जांच में मिले आंकड़ों का भौतिक सत्यापन बीएलओ के माध्यम से कराया जाता है और फिर नाम काटे जाते हैं। अब मतदाता सूची में 13.58 करोड़ मतदाता हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय की ओर से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) की चार जनवरी 2027 को जारी होने वाली अंतिम मतदाता सूची में एक भी डुप्लीकेट मतदाता न हो इस पर जोर दिया जा रहा है। 10 अप्रैल को एसआईआर की अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद पिछले सात महीनों में यह डुप्लीकेट मतदाता हटाए गए हैं। पिछले सात महीनों में करीब 24 लाख मतदाता नए बने और 5.50 लाख डुप्लीकेट वोटरों के नाम मतदाता सूची से काटे गए। ऐसे में पिछले सात महीने में 18.50 लाख मतदाताओं के नाम बढ़े हैं। वहीं सपा की ओर से पिछले दिनों एक लाख डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम वाली सूची चुनाव आयोग को सौंपी गई है, जिसकी जांच शुरू हो गई है। यूपी की मतदाता सूची में डुप्लीकेट वोटरों को डी-डुप्लीकेट सॉफ्टवेयर के माध्यम से छांटा जाता है। एक ही व्यक्ति की फोटो मतदाता सूची में कई जगह प्रकाशित होने पर उसकी पहचान इसकी मदद से की जाती है। सॉफ्टवेयर
फोटो समान प्रविष्टि के आधार पर इसे छांटता है। दूसरी पहचान यह जन सांख्यिकी समान प्रविष्टि के आधार पर पहचान करता है। जिसमें एक ही नाम, एक ही पिता का नाम, एक ही आयु और पता इत्यादि होने पर उन्हें छांटा जाता है। फिर बीएलओ से भौतिक सत्यापन कराने के बाद गड़बड़ी की पुष्टि होने पर ही नाम काटे जाते हैं।
......................................
यूपी में आज व कल विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान
लखनऊ। यूपी की मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए शनिवार व रविवार को विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा। सभी 1.73 लाख बूथों पर बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे। वह छूटे हुए पात्र लोगों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरवाने में मदद करेंगे। पिछले दो दिवसीय विशेष अभियान में 6.40 लाख लोगों ने फॉर्म-6 भरा था। वहीं बीते 22 नवंबर रविवार को तो एक ही दिन में सर्वाधिक 3.99 लाख फॉर्म-6 भरे गए थे।
मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) की प्रक्रिया चल रही है। बीते 17 नवंबर को 13.58 करोड़ मतदाताओं की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की गई थी। अब 16 दिसंबर तक दावे व आपत्तियां ली जाएंगी। 28 दिसंबर तक इसका निस्तारण होगा और चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी। यूपी में 18 वर्ष व उससे अधिक की आयु के 16.16 करोड़ लोग हैं। मतदाता सूची में अभी 13.58 करोड़ नाम ही हैं।
बूथों पर जमा होंगे मोबाइल
गोरखपुर। निर्वाचन आयोग की टीम ने गोरखपुर में 17 जिलों के चुनाव से संबंधित तैयारियों को परखा। जहां कमियां मिलीं, उन्हें समय से सुधारने का निर्देश दिए हैं। वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने बताया कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के मोबाइल जमा करने की सुविधा दी जाएगी।
निर्वाचन आयोग की टीम ने गुरुवार को गोरखपुर, बस्ती और वाराणसी मंडलों के 11 जिलों के अधिकारियों के साथ चुनाव से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की थी। शुक्रवार की सुबह 11:30 बजे से आजमगढ़ व विंध्याचल मंडल के छह जिलों में निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा की गई। इसमें वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि विधानसभा चुनाव 2027 को पूरी तरह से पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर बिन्दु पर समीक्षा की गई है। जिन जिलों में कमी मिली है, उसे समय रहते दूर करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं की सुविधा व सुरक्षा को लेकर निर्देश दिए गए हैं। निर्वाचन से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरी पारदर्शिता, शुद्धता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वाचन अधिनियमों, नियमों तथा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित कराए जाएं। इस दौरान दोनों मंडलों के कमिश्नर डीआईजी उपस्थित रहे। आजमगढ़, मऊ, बलिया, मिर्जापुर, भदोही एवं सोनभद्र जनपदों के जिलाधिकारी एवं पुलिस कप्तान भी बैठक में मौजूद रहे। सभी जिलाधिकारियों ने अपने जिलों में की गई तैयारियों को लेकर प्रजेंटेशन दिया। पुलिस कप्तानों की ओर से सुरक्षा को लेकर की जा रही तैयारियों के बारे में जानकारी दी गई। लोकसभा चुनाव 2024 एवं विधानसभा चुनाव 2022 में गड़बड़ी फैलाने वाले चिह्नित लोगों पर नजर रखने को कहा गया। इन चुनावों में किसी अपराध के मामले में जिनपर केस दर्ज हैं, उनके केसों की वर्तमान स्थिति के बारे में भी जानकारी ली गई।
इन बिन्दुओं पर हुई समीक्षा
समीक्षा बैठक में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया गया। निर्वाचन आयोग की टीम ने मतदाता सूची को त्रुटिरहित तैयार करने एवं अद्यतन करने संबंधी कार्यवाही, मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों पर आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं की उपलब्धता एवं की उपलब्धता एवं प्रबंधन, निर्वाचन कार्मिकों की उपलब्धता एवं प्रशिक्षण, जनपदवार निर्वाचन प्रबंधन योजना तथा निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारु संचालन से जुड़े विभिन्न बिन्दुओं पर समीक्षा की। इसके अतिरिक्त कानून-व्यवस्था की स्थिति, क्रिटिकल एवं वल्नरेबल मतदेय स्थलों का चिह्नीकरण एवं प्रभावी प्रबंधन, सुरक्षा बलों की उपलब्धता एवं तैनाती की योजना, मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं, मतदेय स्थलों की वेबकास्टिंग, निर्वाचन के दौरान पुलिस एवं प्रशासन के बीच समन्वय तथा निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। विगत निर्वाचनों के अनुभवों के आधार पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की उपलब्धता आदि की भी जानकारी ली गई।
बूथों का निरीक्षण किया
आयोग वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने शुक्रवार की सुबह एमपी पॉलिटेक्निक एवं पादरी बाजार में स्थित बूथों का निरीक्षण किया। इस समय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण चल रहा है। उन्होंने बूथों पर काम कर रहे बीएलओ से बात भी की। उनसे समस्याओं के बारे में पूछा। कुछ बीएलओ ने बताया कि कहीं-कहीं मकान नंबर न लिखे होने के चलते दिक्कत आ रही है लेकिन मतदाता से बात करके उसे दुरुस्त किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2027 तक 18 साल की उम्र पूरी करने वाले युवाओं को मतदाता बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही जिन महिलाओं के नाम मतदाता सूची में नहीं हैं, उन्हें भी जोड़ने का निर्देश दिया गया है।

