नई दिल्ली, । सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को केंद्र सरकार को तलाक, परित्याग, गोद लेने और सिंगल मदर के मामलों में बच्चों को उनकी मां की जाति के आधार पर जाति प्रमाण पत्र जारी करने के लिए दिशा-निर्देश बनाने की संभावना पर विचार करने का निर्देश दिया।
शीर्ष अदालत ने कहा कि यह मुद्दा तब और भी महत्वपूर्ण हो जाता है, जब बच्चे की कस्टडी मां के पास हो। जस्टिस जॉयमाल्य बागची और वी. मोहना की पीठ ने केंद्र सरकार की ओर से पेश अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणी से इस मामले में जांच करने को कहा। पीठ ने मामले की सुनवाई के दौरान इस बात पर भी चर्चा की कि क्या बच्चे की जाति तय करने के उस स्थापित सिद्धांत में कोई अपवाद निकाला जा सकता है, जिसके तहत बच्चे की जाति पिता की जाति के आधार पर तय होती है। साथ ही,ध्यान रखा जाए कि जाति-आधारित आरक्षण और माइग्रेशन से जुड़े संवैधानिक पीठ के फैसलों में तय किए गए सिद्धांतों पर कोई असर न पड़े। पीठ ने अटॉर्नी जनरल वेंकटरमणी से कहा कि वे इस मामले से जुड़े कानूनी और संवैधानिक सवालों को सुलझाने में अदालत की मदद करें।

