बिना बैरियर वाले टोल प्लाजा पर जानबूझकर वाहन की नंबर प्लेट छिपाकर उसे पार करने वाले वाहन चालकों पर सरकार ने शिकंजा कसा है। ऐसे वाहन चालकों से पांच गुना जुर्माना वसूला जाएगा।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि यह जुर्माना मूल टोल शुल्क की वसूली के अतिरिक्त होगा। मंत्रालय के मुताबिक, यह प्रावधान उन वाहन चालकों पर लागू होगा, जो टोल शुल्क से बचने की मंशा से वाहन का पंजीकरण नंबर जानबूझकर छिपाते हैं, नंबर प्लेट में छेड़छाड़ करते हैं या फास्टैग नहीं लगाते हैं। इसमें वाहन की आगे या पीछे की नंबर प्लेट अथवा दोनों को छिपाने के मामले शामिल हैं, जहां फास्टैग भी नहीं पढ़ा जा सका हो।

