लखनऊ, 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती 2018 में आरक्षण विसंगति दूर करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने मंगलवार को कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल के आवास पर प्रदर्शन किया। 78वें दिन से आन्दोलन कर रहे अभ्यर्थी मंगलवार सुबह करीब 11 बजे मंत्री के आवास के बाहर पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी। अभ्यर्थियों ने पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को आरक्षण का लाभ देने और भर्ती का संशोधित परिणाम जारी कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग उठाई। पुलिस ने अभ्यर्थियों को बसों से इको गार्डन स्थित धरना स्थल भेज दिया। मंत्री के लखनऊ से बाहर होने की वजह से मुलाकात नहीं हो पायी। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह ने बताया कि करीब 10 दिन पहले भी अभ्यर्थियों ने मंत्री से मुलाकात की थी। उस समय उन्होंने दीपावली तक सकारात्मक परिणाम आने का भरोसा दिया था, लेकिन अब तक बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से कोई शासनादेश जारी नहीं होने नाराजगी है।
ये भी पढ़ें - 📋 जनगणना (Census) फॉर्म कैसे भरें? आसान उदाहरण के साथ समझें! ✍️
ये भी पढ़ें - जनगणना अवधि में बिना अनुमति के कोई भी अवकाश देय/मान्य नही होगा, आदेश
अभ्यर्थियों ने इसी उम्मीद में दीपावली, भैयादूज और छठ त्योहार भी धरना स्थल पर मनाए। आशुतोष वर्मा ने कहा कि 10 सितंबर को बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में भी आरक्षण विसंगति का मामला उठाया गया था। इसके समाधान के लिए मुख्यमंत्री या कैबिनेट स्तर पर निर्णय होना है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

