हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

18 November 2026

UP School News: अब स्कूलों में रोज पढ़ेंगे अखबार, समाचारों पर राय रखेंगे विद्यार्थी; शिक्षा विभाग के निर्देश

स्कूलों में रोज पढ़ाए जाएंगे समाचार पत्र, खबरों पर अपनी राय भी रखेंगे विद्यार्थी; शिक्षा विभाग ने दिए निर्देश

लखनऊ। माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ देश-दुनिया की खबरों से जोड़ने के लिए एक नई पहल की जा रही है। अब विद्यार्थियों को प्रतिदिन समाचार पत्र पढ़ने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। समाचार पढ़ने के बाद वे संबंधित विषयों पर अपनी राय भी रख सकेंगे। इससे उनमें सामान्य ज्ञान, तार्किक सोच और अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने की क्षमता विकसित होगी।


विद्यालयों में पढ़ने की आदत को बढ़ावा देने के लिए पुस्तकालयों में किताबों के साथ दैनिक समाचार पत्र नियमित रूप से उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।

विद्यार्थियों के बीच होंगी वाद-विवाद प्रतियोगिताएं

विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल विकसित करने के लिए वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इसके माध्यम से विद्यार्थी समाचारों और समसामयिक विषयों को समझने के साथ उन पर अपनी राय प्रस्तुत करना सीखेंगे।

अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षकों (DIOS) और मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशकों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिए।

स्कूलों में नियमित कक्षाएं और समय-सारिणी का पालन अनिवार्य

बैठक में निर्देश दिया गया कि राजकीय, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में नियमित कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित किया जाए। शिक्षक निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पढ़ाई कराएं।

साथ ही केवल पाठ्यक्रम पूरा कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों की विषयवार समझ और सीखने के स्तर में सुधार करना भी जरूरी है।

यूनिट टेस्ट और मासिक परीक्षाओं से परखी जाएगी तैयारी

बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों की तैयारी की नियमित समीक्षा करने और समयबद्ध कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके लिए यूनिट टेस्ट, मासिक परीक्षाओं और मॉक टेस्ट के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रगति का आकलन किया जाएगा। कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उनके लिए अतिरिक्त कक्षाएं संचालित की जाएंगी।

शिक्षकों को उत्तर लेखन का अभ्यास कराने और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों के आधार पर विद्यार्थियों की तैयारी कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

डिजिटल प्लेटफॉर्म और आधुनिक शिक्षण पर जोर

बैठक में ज्ञान अकादमी सहित अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। वीडियो लेक्चर, ऑनलाइन अभ्यास और डिजिटल अध्ययन सामग्री के माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ाई में अतिरिक्त मदद मिलेगी।

विद्यालयों में सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश

विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विद्यालयों में पेयजल, शौचालय, प्रयोगशाला और पुस्तकालय की सुविधाएं दुरुस्त रखने को कहा गया है।

इसके साथ ही खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों को नियमित रूप से आयोजित कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more