पश्चिमी उत्तर प्रदेश सब-एरिया द्वारा शनिवार को मेरठ के कुलवंत सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व सैनिक, वीर सैनिकों एवं उनके परिवारों के लिए तीन बड़ी घोषणाएं कीं। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने वीरता पुरस्कारों में मिलने वाली एकमुश्त एवं वार्षिक राशि दोगुनी करने की घोषणा की। साथ ही मौजूदा 20 लाख के मुकाबले अब 50 लाख रुपये तक का मकान खरीदने पर पूर्व सैनिक एवं उनके परिवारों को स्टाम्प शुल्क में छूट मिलेगी। मुख्यमंत्री ने शहीदों के आश्रित को गृह जनपद में ही सरकारी नौकरी देने का भी ऐलान किया।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने गढ़मुक्तेश्वर में कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले का स्थलीय निरीक्षण किया। अमरोहा और हापुड़ के अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिया कि कार्तिक मेले के साथ तिगरी मेले में भी स्वच्छता, सुरक्षा और स्वास्थ्य के प्रति अलर्ट मोड पर रहें।
मुख्यमंत्री ने समारोह में औरैया, अमेठी, गोरखपुर, चंदौली, शामली, संतकबीर नगर, अंबेडकर नगर एवं सोनभद्र में 27.50 करोड़ रुपये की लागत से बने जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालयों और आवासीय सुविधाओं का लोकार्पण तथा शौर्यगाथा पुस्तक का विमोचन भी किया। इस मौके पर मुख्यमत्री ने कहा कि सैनिक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, सिर्फ उसकी वर्दी बदलती है। जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ मध्य कमान लेफ्टिनेंट जनरल संजय मित्रा और प्रदेश सरकार में मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर सहित जनप्रतिनिधि एवं सैन्य अधिकारी मौजूद रहे। समारोह में वेस्ट यूपी के विभिन्न जिलों से तीन हजार पूर्व सैनिक व वीर नारियां शामिल हुईं। इसके बाद मुख्यमंत्री मेरठ में शास्त्रीनगर स्थित मंत्री डॉ.सोमेंद्र तोमर के आवास पर पहुंचे और उनके दिवंगत पिता महेंद्र सिंह तोमर को श्रद्धांजलि अर्पित की।

