उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा में जनगणना कार्य को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है। 20 नवंबर 2026 को जारी इस आदेश में जनगणना कार्य में प्रगणक एवं सुपरवाइजर के रूप में नामित शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को कार्यमुक्त किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि जनगणना ड्यूटी के कारण विद्यालयों में शिक्षण कार्य किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होना चाहिए।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, मथुरा की ओर से जारी पत्रांक संख्या 16430-35/2026-27 में समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि उनके विकासखंड के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत जिन शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी जनगणना कार्य में प्रगणक अथवा सुपरवाइजर के रूप में लगाई गई है, उन्हें नियमानुसार जनगणना कार्य के लिए कार्यमुक्त किया जाना सुनिश्चित करें।
आदेश के अनुसार जनगणना का प्रथम चरण 16 नवंबर 2026 से 30 नवंबर 2026 तक तथा आगामी चरण 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक निर्धारित है।
विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश
बीएसए ने स्पष्ट किया है कि जनगणना कार्य के लिए शिक्षकों एवं कर्मचारियों को कार्यमुक्त किए जाने के बावजूद संबंधित विद्यालयों में पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए उपलब्ध शेष शिक्षकों के बीच कक्षावार एवं विषयवार रोस्टर तैयार कर शिक्षण कार्य का समुचित विभाजन किया जाए।
प्रधानाध्यापक एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक को रोस्टर का कड़ाई से अनुपालन कराने की जिम्मेदारी दी गई है। खंड शिक्षा अधिकारियों को भी विद्यालयों में इस व्यवस्था का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।
लापरवाही और अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं
जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनावश्यक विलंब अथवा विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आदेश का प्राथमिकता के आधार पर अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

