हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

08 November 2026

प्रतियोगी छात्रों के लिए महत्वपूर्ण होगा दिसंबर

 संगमनगरी में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले लाखों बेरोजगारों के लिए दिसंबर का महीना खासा महत्वपूर्ण होने जा रहा है। विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जनवरी में संभावित है और उससे पहले कई महत्वपूर्ण भर्तियों की परीक्षाएं दिसंबर में प्रस्तावित है। दिसंबर के पहले सप्ताह में ही तीन और चार तारीख को शिक्षकों के 12,405 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा कराई जाएगी।


उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से शहरी क्षेत्र के परिषदीय प्राथमिक स्कूलों में 11508 सहायक अध्यापक और अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के संबद्ध प्राइमरी प्रभाग में सहायक अध्यापक के 897 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा इन दोनों तिथियों पर कराई जाएगी। परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में 2018 के बाद भर्ती आई है वहीं संबद्ध प्राइमरी में भी लंबे समय के बाद चयन होने जा रहा है। चयन आयोग की तरफ से ही 15 और 16 दिसंबर को अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रवक्ता (पीजीटी) के 2607 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा कराई जाएगी। उसके बाद एडेड कॉलेजों में ही प्रशिक्षित स्नातक या सहायक अध्यापक (टीजीटी) के 17735 पदों पर भर्ती के लिए 23 और 24 दिसंबर को परीक्षा कराई जाएगी। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से 20 दिसंबर को लेखपाल / लेखा परीक्षक व विधानभवन रक्षक परीक्षा होगी।

यूपीपीएससी की भी कई परीक्षाएं: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से भी दिसंबर में कई परीक्षाएं कराई जाएगी। प्रदेश की सबसे प्रतिष्ठित भर्ती सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा (पीसीएस) 2026 की प्रारंभिक परीक्षा छह दिसंबर को कराई जाएगी। इसमें विज्ञापित 500 पदों के लिए 8.90 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। 16 दिसंबर को औषधि निरीक्षक की स्क्रीनिंग परीक्षा है जबकि 17 दिसंबर को लोक निर्माण विभाग में सहायक वास्तुविद की स्क्रीनिंग परीक्षा होगी। 18 दिसंबर को चिकित्साधिकारी (आयुर्वेद, सामुदायिक स्वास्थ्य-आयुर्वेदिक एवं यूनानी) की स्क्रीनिंग परीक्षा होनी है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more