UpdateMarts
Follow Channel

24 November 2021

संविदा शिक्षक भर्ती में प्रबंधक के स्कूल में ही बेटे को बना दिया शिक्षक

संस्कृत स्कूलों में संविदा शिक्षक भर्ती में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप है कि जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की सांठगांठ से श्री कृष्ण प्रणामी संस्कृत माध्यमिक विद्यालय भईयां मेजा के प्रबंधक उमेश चन्द्र तिवारी के बेटे संदीप तिवारी का चयन उसी स्कूल में कर दिया गया।



शैक्षिक गुणांक और साक्षात्कार के आधार पर हुए चयन का परिणाम 17 नवंबर को जारी किया गया है। श्री कृष्ण प्रणामी संस्कृत माध्यमिक विद्यालय में संस्कृत साहित्य विषय के संविदा शिक्षक की नियुक्ति के लिए 24 अगस्त को विज्ञापन जारी हुआ था।

अभ्यर्थी नीरज कुमार जैन का शैक्षिक गुणांक 100 और उसी स्कूल के प्रबंधक के बेटे संदीप तिवारी का गुणांक 47 था। साक्षात्कार में संदीप को 74 और नीरज को मात्र 20 नंबर मिले। इस प्रकार संदीप 121 नंबर पाकर चयनित हो गए जबकि नीरज 120 नंबर पाकर एक नंबर से दूसरे स्थान पर रह गए।

नीरज का कहना है कि चयन प्रक्रिया में प्रबंधक के रिश्तेदार शामिल नहीं हो सकते। साक्षात्कार बोर्ड में प्रबंधक के प्रतिनिधि भी शामिल थे। ऐसे में उनके साथ नाइंसाफी हुई है। इस प्रकरण की जांच होनी चाहिए। वहीं जिला विद्यालय निरीक्षक आरएन विश्वकर्मा का कहना है कि उन्हें कोई आपत्ति नहीं मिली है। यदि कोई गलती हुई है तो जांच करके संशोधन किया जाएगा।