हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

11 January 2022

विधानसभा चुनाव के बाद यूपी बोर्ड परीक्षा, शासन को बोर्ड जल्द भेजेगा परीक्षा कार्यक्रम का प्रस्ताव

लखनऊ : विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद अब यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा की तस्वीर जल्द साफ होगी। मतगणना के बाद से परीक्षाएं मार्च में ही शुरू कराने की तैयारी है। बोर्ड द्वारा शासन को परीक्षा कार्यक्रम भेजा जा रहा है। जिस पर शासन की मुहर लगने के बाद तारीखें घोषित कर दी जाएंगी। बता दें कि 2017 में विधानसभा चुनाव के बाद परीक्षाएं 16 मार्च से शुरू हुई थीं।


माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल परीक्षा के लिए 27 लाख 83 हजार 742 व इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए 23 लाख 91 हजार 841 सहित कुल 51 लाख 75 हजार 583 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।

इधर कुछ वर्षों में यूपी बोर्ड फरवरी में इम्तिहान शुरू कराकर मार्च तक पूरी कराता था लेकिन, विधानसभा चुनाव की वजह से इस बार परीक्षा की तारीखें तय नहीं की जा सकी थी, अब चुनाव आयोग द्वारा विस चुनाव की तारीखें घोषित करने के बाद बोर्ड में भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

2021 में बोर्ड के 100 वर्ष के इतिहास में पहली बार हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा कोरोना संक्रमण की वजह से नहीं हो सकी थीं, सभी परीक्षार्थियों को अगली कक्षा में प्रोन्नत किया गया था। बोर्ड प्रशासन ने परीक्षा की अनुमानित तारीखें लगभग तय कर ली हैं। वहीं, बोर्ड प्रशासन अब तक इंटरमीडिएट की प्रायोगिक परीक्षाएं भी नहीं करा सका है, इसकी तारीख फरवरी में प्रस्तावित है। ज्ञात हो कि प्रैक्टिकल परीक्षा पिछले वर्षों में दिसंबर से जनवरी के बीच होती रही हैं।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more