UpdateMarts•Com
Follow Channel

07 December 2022

निरीक्षण : डीएम ने प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को कराएं गणित के सवाल


श्रावस्ती:- जिलाधिकारी ने कई विद्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिक्षक बन बच्चों को गणित के सवाल हल कराएं। साथ ही उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि बच्चों को बेहतर शिक्षा देकर उनका भविष्य संवारें। बच्चों और शिक्षकों के संग फोटो भी खिचवाए ।

जिलाधिकारी नेहा प्रकाश ने सोमवार को विकास क्षेत्र हरिहरपुररानी के प्राथमिक विद्यालय टड़वा बनकटवा, प्राथमिक विद्यालय बन्दरहा दक्षिणी व प्राथमिक विद्यालय कुन्ननपुर नौशहरा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में अध्यापकों की उपस्थिति व नामांकन के सापेक्ष छात्र-छात्राओं की उपस्थिति की जांच कर प्रधानाध्यापक को निर्देश दिया कि पंजीकृत छात्र-छात्राओं की शत- प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराएं। यदि कोई छात्र या छात्रा नामांकन के बाद भी स्कूल नहीं आ रहा है तो उनके अभिभावक से बात कर स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करें। इस दौरान जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं को दी जा रही शिक्षा की गुणवत्ता की भी जांच की। उन्होंने कक्षा कक्ष में शिक्षक बनकर बच्चों से गणित के सवाल पूछे तथा खुद ब्लैक बोर्ड पर गणित के सवाल हल कराए। सही जवाब दिये जाने पर छात्र- छात्राओं को चाकलेट व बिस्किट देकर उनकी पीठ थपथपायी।


उन्होंने विद्यालय में बने मध्यान्ह भोजन के गुणवत्ता जांच की। प्राथमिक विद्यालय बनकटवा में बच्चों के उपयोग वाले शौचालय में साफ-सफाई ठीक न मिलने पर निर्देशित किया गया कि विद्यालय परिसर, क्लासरूम व शौचालय आदि की नियमित साफ-सफाई करायी जाय। डीएम ने बच्चों और शिक्षकों के साथ फोटो भी खिचवाए । इस मौके पर उपजिलाधिकारी भिनगा प्रवेन्द्र कुमार आदि मौजूद रहे।


Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more