हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

03 January 2023

बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों की छुट्टियों का कैलेंडर जारी शीतकालीन अवकाश 14 जनवरी तक चलेगा, ग्रीष्मावकाश 20 मई से होगा


लखनऊ। बेसिक शिक्षा परिषद से संबद्ध परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के अलावा मान्यता प्राप्त विद्यालयों के लिए वर्ष 2023 की छुट्टियों का कैलेंडर जारी कर दिया गया है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत 31 दिसंबर से शुरू हुआ शीतकालीन अवकाश 14 जनवरी तक चलेगा। वहीं ग्रीष्मावकाश 20 मई से शुरू होकर 15 जून तक चलेगा।


परिषद के सचिव प्रताप सिंह बघेल ने उक्त अवकाश तालिका सभी बीएसए को जारी की है। जारी अवकाश तालिका में विभिन्न तिथियों, पर्व, त्योहारों व अवसरों से जुड़ीं कुल 32 छुट्टियां हैं। इनमें संत रविदास जयंती / मोहम्मद हजरत अली का जन्म दिवस, दीपावली व छठ पूजा पर्व का अवकाश रविवार के दिन पड़ रहा है। इसके साथ ही हरितालिका तीज या हरियाली तीज, करवा चौथ, संकठा चतुर्थी व हलषष्ठी/ ललई छठ, जीउतिया व्रत / अहोई अष्टमी अवकाश का केवल शिक्षिकाओं, बालिकाओं के लिए अनुमन्य होगा। सभी राष्ट्रीय पर्व पर शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा और शिक्षक एवं छात्र विद्यालय में उपस्थित रहकर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रतिभाग करेंगे।

गर्मी व सर्दी में मौसम परिवर्तन के अनुसार सक्षम प्राधिकारी विद्यालय संचालन के समय में आवश्यकतानुसार परिवर्तन कर सकेंगे। हालांकि इस बात का ध्यान रखा जाएगा कि निशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकारी अधिनियम 2009 के अंतर्गत निर्धारित शैक्षिक घंटों में कमी न होने पाए।

उक्त के अलावा कक्षा एक से पांच व छह से आठवीं तक की पढ़ाई 1 अप्रैल से 30 सितंबर के बीच सुबह 8 से दोपहर 2 बजे के बीच होगी। इसमें प्रार्थना सभा, योगाभ्यास सुबह 8 से 8.15 बजे के बीच होगा। वहीं 1 अक्तूबर से 31 मार्च तक सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक पढ़ाई होगी, जिसमें प्रार्थना सभा, योगाभ्यास सुबह 9 से 9.15 के बीच होगा। ग्रीष्मकाल में मध्यावकाश सुबह 10.30 से 11 बजे के बीच और शीतकाल में दोपहर 12 से 12.30 बजे के बीच होगा।



Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more