UpdateMarts•Com
Follow Channel

05 September 2023

पेंशन, अवकाश के लिए गरजे शिक्षक



प्रयागराज,  पुरानी पेंशन बहाली, शिक्षकों को भी राज्य कर्मचारियों की तरह उपार्जित, प्रतिकर, अध्ययन व द्वितीय शनिवार अवकाश और कैशलेश चिकित्सा सुविधा प्रदान करने समेत अन्य मांगों को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले सैकड़ों शिक्षकों ने समग्र शिक्षा अभियान कार्यालय मम्फोर्डगंज में सोमवार को धरना दिया।

प्रत्येक प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक की पदोन्नति एवं तैनाती, प्रोन्नत वेतनमान, दस लाख सामूहिक बीमा का लाभ देने, पारस्परिक स्थानांतरण में न्यूनतम सेवा अवधि की शर्त समाप्त करने, विद्यालयों का संचालन एक अप्रैल से 30 सितंबर तक सुबह 0730 से 1230 बजे तक करने, शिक्षकों से ऑनलाइन कार्य न कराने, विद्यालय समय के बाद बैठकों पर रोक, मृत शिक्षकों के अर्ह आश्रितों को शिक्षक पद पर नियुक्ति और प्रत्येक विद्यालय मे चतुर्थ श्रेणी/चौकीदार की नियुक्ति की भी मांग उठाई। जिलाध्यक्ष देवेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने चेतावनी दी कि मांगों का समाधान न हुआ तो सितंबर के अंतिम सप्ताह में शिक्षा निदेशालय निशातगंज लखनऊ में धरना देंगे। धरने का संचालन जिला मंत्री शिव बहादुर सिंह ने किया। अंत में जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को संबोधित 18 सूत्रीय मांगपत्र बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी को सौंपा।

धरने में मनीष कुमार तिवारी, अर्चना मिश्रा, सुनीता तिवारी, अरुण कुमार श्रीवास्तव, अश्विनी कुमार वर्मा, शैलेन्द्र शुक्ल (दीपक), सैयद बहार आलम, हरित जदली, बृजेश सिंह, मनोज श्रीवास्तव, नागेन्द्र प्रताप सिंह आदि शामिल रहे।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more