इनसे सीखें 👉 यह बिटिया खेती कर कमा रही सवा लाख प्रति माह

लखनऊ। लखनऊ की एक बिटिया ने पढ़ाई लिखाई कर नौकरी करने की बजाए खेती का रास्ता चुना। आज वह हर महीने सवा लाख से अधिक कमा रही हैं। 20 से अधिक लोगों को रोजगार भी मुहैया करा रही है।

गोमती नगर निवासी अनुष्का जायसवाल ने मोहनलालगंज तहसील में सिसेंडी के पास लीज पर जमीन ली है।

अनुष्का की उम्र 27 साल है। दिल्ली के द हिन्दू कॉलेज से इकोनॉमिक्स से पीजी करने के बाद वह लखनऊ अपने घर लौट आईं और परिवार को अपना निर्णय बताया। माता-पिता ने भी उनका हौसला बढ़ाया और 23 वर्ष की उम्र में उन्होंने एक एकड़ जमीन लेकर पॉली हाउस की शुरुआत की। मेहनत रंग लाने लगी और खेत तीन एकड़ का हो गया। अनुष्का ने बताया कि सालाना 16 लाख की बचत हो जाती है। अनुष्का शिमला मिर्च, पत्ता गोभी, फूल गोभी समेत अन्य सब्जियों की खेती कर रही हैं।



● मोहनलालगंज में लीज पर लिया खेत, 20 से अधिक लोगों को दे रहीं रोजगार

● इकोनॉमिक्स ऑनर्स से परास्नातक करने के बाद स्वरोजगार का संकल्प


किसान बनने पर मिली 50 फीसदी सब्सिडी

अनुष्का के अनुसार उनको कार्पोरेट जगत में नौकरी करने की जरा भी इच्छा नहीं थी। उनके मुताबिक खेती करने वालों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकारी स्तर से भी कई तरह की सब्सिडी है। उनको इस सब्सिडी का पूरा लाभ मिला। सब्जियां खेत में तैयार होने के बाद उनको मॉल और अन्य फूड चेन को सीधे सप्लाई की जाती है।


2021 में की शुरुआत

अनुष्का ने खेती की शुरुआत वर्ष 2021 में की थी। उस वक्त सबसे कठिन कार्य श्रमिकों को नए तरह की खेती के बारे में प्रशिक्षित करना था। स्थानीय श्रमिक पहले तक धान और गेहूं की खेती करते आए थे। पॉलीहॉउस के बारे में पहले उनको समझाया। इसके बाद वे सीख गए। मजदूरों में वह महिलाओं को प्राथमिकता देती हैं। यदि पांच मजदूरों की आवश्यकता है तो उनमें से चार महिलाएं होती हैं।