हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

20 July 2025

सीडीओ पहुंचे तो दो स्कूलों में 64% बच्चे मिले

 

लखनऊ, । सीडीओ अजय जैन ने शनिवार को मोहनलालगंज में दो प्राइमरी स्कूलों का निरीक्षण कर विलय किये विद्यालयों के बच्चों की उपस्थिति परखी।

दो स्कूल में 64 फीसदी बच्चे उपस्थित मिले हैं। सीडीओ ने शिक्षकों से बच्चों के कम आने की वजह पूछी तो शिक्षकों ने बताया कि स्कूलों की दूरी बढ़ने की वजह से अभिभावक बच्चों को नहीं भेज रहे हैं। सीडीओ ने ‘हिन्दुस्तान’ में शुक्रवार के अंक में ‘विलय वाले स्कूलों के 50 फीसदी नौनिहालों ने छोड़ी पढ़ाई’ शीर्षक से प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए शहर के 169 विलय वाले स्कूल के सभी बच्चों को नए विद्यालय में लाने के लिये एआरपी, प्रधानाध्यापक और शिक्षकों की ड्यूटी लगायी है। रोजाना बीएसए, बीईओ एआरपी की मदद से स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति की समीक्षा करेंगे। सीडीओ अजय जैन ने शनिवार पूर्वाह्न 11 बजे सिसेण्डी स्थित उत्तरगांव प्राइमरी का निरीक्षण किया। यहां हरीखेड़ा प्राइमरी स्कूल का विलय किया गया है। हरीखेड़ा प्राइमरी स्कूल में पढ़ने वाले 15 में से सिर्फ आठ उपस्थिति मिले। भौंदरी प्राइमरी स्कूल पहुंचे। यहां मरूई और महेशखेड़ा के प्राइमरी स्कूल का विलय किया गया है। मरूई के 27 में से 20 बच्चे और महेश खेड़ा के 17 में से 10 बच्चे आए थे। बीएसए राम प्रवेश ने बताया कि सीडीओ के निर्देशन में बनी कमेटी रोजाना विलय वाले स्कूलों के सभी बच्चों की उपस्थिति की समीक्षा कर रही है। 

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more