UpdateMarts•Com
Follow Channel

28 November 2025

जहरीला पदार्थ खाने से शिक्षक-बीएलओ की मौत, जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी गठित

 

गोंडा। नवाबगंज क्षेत्र के जैतपुर माझा प्राथमिक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक सह बीएलओ विपिन यादव (39) की मंगलवार को जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। उन्हें इलाज के लिए केजीएमयू लखनऊ ले जाया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। बुधवार देर रात पोस्टमार्टम के बाद शव उनके पैतृक जनपद जौनपुर ले जाया गया, जहां गुरुवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया।

मामले में जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए तत्काल प्रभाव से दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी है। कमेटी में सर्किल रेवेन्यू ऑफिसर (सीआरओ) महेश प्रकाश व एएसपी पश्चिमी राधेश्याम राय शामिल हैं। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विद्यालय में शोक, शिक्षक जौनपुर पहुंचे शिक्षक विपिन यादव के निधन से जैतपुर माझा प्राथमिक विद्यालय में गहरा शोक है। बुधवार को विद्यालय पूरी तरह बंद रहा। प्रधानाध्यापक सर्वोदय कृष्ण पांडेय, प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रचार प्रमुख हेमंत पांडेय, कृपाराम यादव, सुनील यादव, आनंद जायसवाल सहित जिले के दर्जनों शिक्षक जौनपुर पहुंचकर अंतिम दर्शन किए और परिजनों को सांत्वना दी।

मुआवजे व एसआईआर समय-सीमा बढ़ाने की मांग तेज भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के पूर्व मंत्री दीनानाथ त्रिपाठी, अरुण त्रिपाठी, हुसैन, कल्लू शाह, अरविंद पांडेय, अयोध्या प्रसाद, जीपी पाल आदि ने बुधवार को डीएम को ज्ञापन देकर मृतक के परिजनों को 5 करोड़ रुपये मुआवजा और एसआईआर की समय सीमा बढ़ाने की मांग की।

वहीं परसपुर विकास मंच के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर एसआईआर की समय-सीमा बढ़ाने और मृतक परिवार को एक करोड़ रुपये की सहायता देने की मांग की।

शिक्षक संघ ने की एफआईआर व नौकरी की मांग उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष आनंद कुमार त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह, वीरेंद्र कुमार त्रिपाठी आदि ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी वीरेंद्र कुमार को सौंपा। इसमें मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर एफआईआर, मृतक परिवार को उचित आर्थिक सहायता और एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग की गई है।

शिक्षक संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन किया जाएगा।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more