18 April 2026

सोने के आयात में 24% की बढ़ोतरी, कीमतों में उछाल बना मुख्य कारण




सोने के आयात में 24% की बढ़ोतरी, कीमतों में उछाल बना मुख्य कारण

नई दिल्ली। देश में सोने के आयात में वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान 24 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जो बढ़कर 71.98 अरब डॉलर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से सोने की बढ़ती कीमतों के कारण हुई है।


पिछले वित्त वर्ष 2024-25 में सोने का आयात 58 अरब डॉलर रहा था, जबकि 2023-24 में यह 45.54 अरब डॉलर और 2022-23 में 35 अरब डॉलर था। हालांकि, मात्रा के लिहाज से वित्त वर्ष 2025-26 में सोने का आयात 4.76 प्रतिशत घटकर 721.03 टन रह गया, जो पिछले वर्ष 757.09 टन था।

विशेषज्ञों के अनुसार, कीमतों में तेजी के कारण आयात का कुल मूल्य बढ़ा है, जबकि वास्तविक मात्रा में कमी देखी गई है। इसी अवधि में चांदी के आयात में भी भारी उछाल दर्ज किया गया है। बीते वर्ष चांदी का आयात करीब 150 प्रतिशत बढ़कर 12 अरब डॉलर हो गया, जबकि मात्रा के आधार पर यह 42 प्रतिशत बढ़कर 7,334.96 टन पहुंच गया।

15 बैंकों को सोना-चांदी आयात की अनुमति
सरकार ने 15 बैंकों को सोना और चांदी के आयात की अनुमति प्रदान की है। इनमें एक्सिस बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, डॉयचे बैंक, फेडरल बैंक, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, इंडसइंड बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, आरबीएल बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और यस बैंक सहित अन्य शामिल हैं।

इन बैंकों को 31 मार्च 2029 तक सोना-चांदी आयात करने की अनुमति दी गई है, जबकि कुछ बैंकों को केवल सोना आयात करने की ही मंजूरी मिली है।