18 April 2026

शिक्षाशास्त्र में एक पद पर 472 दावेदार, असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती में कड़ी प्रतिस्पर्धा

 

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा में इस बार अभ्यर्थियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। पांच साल बाद निकली 217 राजकीय डिग्री कॉलेजों की भर्तियों के लिए कुल 1,14,955 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। 1253 पदों के लिए औसतन 92 अभ्यर्थी एक पद के लिए दावेदार हैं।



सबसे अधिक प्रतिस्पर्धा कला एवं सामाजिक विज्ञान वर्ग में देखने को मिल रही है। शिक्षाशास्त्र (एजुकेशन) विषय में एक पद के लिए 472 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, जो सभी विषयों में सर्वाधिक है। वहीं इतिहास में एक पद पर 194, हिंदी में 185 और राजनीति विज्ञान में 184 अभ्यर्थी मैदान में हैं।


कंप्यूटर साइंस के एकमात्र पद पर 573 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि उर्दू के तीन पदों के लिए 262 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।


विशेषज्ञों के अनुसार पारंपरिक विषयों में सीटें सीमित होने के बावजूद अभ्यर्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे प्रतिस्पर्धा हर वर्ष और कठिन होती जा रही है। अंग्रेजी विषय में 92 पदों के लिए 53 अभ्यर्थी प्रति पद हैं, जबकि हिंदी में 87 पदों के लिए 16,098 आवेदन, इतिहास में 58 पदों के लिए 11,272, राजनीति विज्ञान में 57 पदों के लिए 10,519 और शिक्षाशास्त्र में 14 पदों के लिए 6616 आवेदन प्राप्त हुए हैं।


आयोग ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। इस बार प्रश्नपत्र की सीरीज परीक्षा से कुछ समय पहले कंप्यूटर के माध्यम से तय की जाएगी। इसके लिए पांच या छह सेट तैयार किए गए हैं। अभ्यर्थियों को अनियमित क्रम में अनुक्रमांक आवंटित किए गए हैं, जिससे एक ही परिवार, गांव या परिचित एक ही केंद्र पर एक साथ न बैठ सकें।


सुरक्षा व्यवस्था के तहत एसटीएफ द्वारा आयोग के अधिकारियों और कर्मचारियों के नंबरों को भी सर्विलांस पर रखा गया है, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जा सके।