18 April 2026

हाईस्कूल में 95% से ज्यादा अंकों की चाहत, 92% आने पर छात्रा ने दी जान

कानपुर। पनकी के रतनपुर स्थित शिवालिक भवन में 16 वर्षीय छात्रा वैशाली सिंह ने हाईस्कूल परीक्षा में अपेक्षा से कम अंक आने से आहत होकर गुरुवार शाम फांसी लगाकर जान दे दी। छात्रा को 92 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए थे, जबकि वह 95 प्रतिशत से अधिक अंक की उम्मीद कर रही थी।

बुधवार को परिणाम घोषित होने के बाद से ही वह मानसिक रूप से परेशान बताई जा रही थी। घटना से पहले छात्रा ने अपने कुछ साथियों को मोबाइल पर वॉयस रिकॉर्डिंग भेजी थी, जिसमें उसने जीने की इच्छा खत्म होने और उस पर किए गए खर्च को लेकर चिंता जताई थी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के लिए छात्रा का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

वैशाली अमरपुर स्थित केंद्रीय विद्यालय में सीबीएसई बोर्ड की 10वीं की छात्रा थी। परिवार में उसकी मां काजल और 19 वर्षीय भाई प्रिंस हैं। पिता वीरेंद्र सिंह की दो वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। मां एक मॉल में कार्यरत हैं, जबकि भाई ने पढ़ाई छोड़ दी है।

परिजनों के अनुसार, गुरुवार दोपहर से छात्रा का फोन रिसीव नहीं हो रहा था। कई बार कॉल करने के बाद भी जवाब न मिलने पर भाई को कमरे में भेजा गया, जहां उसने वैशाली को फंदे पर लटका देखा। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।